Breaking News
recent

मायावती के साथ छोड़ने पर राहुल का बयान, 2019 से पहले कांग्रेस के साथ आएगी बीएसपी

नई दिल्ली। बीएसपी प्रमुख मायावती ने हाल ही में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर सियासी भूचाल ला दिया था। मायावती के इस ऐलान के साथ ही 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले महागठबंधन बनने की उम्मीदों को भी झटका लगा था। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ये उम्मीद जताई है कि लोकसभा चुनाव से पहले बीएसपी का कांग्रेस के साथ गठबंधन होगा। राहुल गांधी ने ये बयान एक इवेंट के दौरान दिया।

लोकसभा चुनाव से पहले साथ आएंगी मायावती- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों में मायावती का हमारे साथ गठबंधन नहीं करने का फैसला उनकी पार्टी की संभावनाओं पर किसी तरह का कोई असर नहीं डालेगा। हालांकि राहुल ने इस दौरान ये जरूर कहा कि अच्छा होता अगर आगामी चुनावों में बीएसपी हमारे साथ लड़ती। इस इवेंट के दौरान उन्होंने उम्मीद जताई कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना के आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस जीत हासिल करेगी।

राज्य स्तर और केंद्र स्तर के गठबंधन में होता है बहुत फर्क- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने 2019 के चुनाव को लेकर गठबंधन होने के सवाल पर कहा कि विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव के लिए होने वाले गठबंधन में बहुत अंतर होता है और मायावती ने इसका संकेत दे भी दिया है। राहुल ने कहा कि भले ही उन्होंने विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के साथ गठबंधन ना किया हो, लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले बीएसपी और कांग्रेस का अलाइंस हो जाएगा। राहुल ने कहा कि मायावती जी ने इसका संकेत दिया है कि राज्य में हमारा रुख लचीला था। असल में प्रदेश के कुछ नेताओं की तुलना में मेरा रुख ज्यादा लचीला था। हम बातचीत कर रहे थे, लेकिन मुझे लगता है कि उन्होंने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया था।

मायावती ने तीन राज्यों में अकेले चुनाव लड़ने का किया था ऐलान

आपको बता दें कि मायावती ने कुछ दिनों पहले ही कहा था कि वह मध्यप्रदेश और राजस्थान के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी। उनके फैसले को भाजपा के खिलाफ विपक्ष के महागठबंधन बनाने के प्रयासों के लिये बड़ा झटका माना जा रहा है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.