Breaking News
recent

हनुमान बेनीवाल 29 अक्टूबर को करेंगे नई पार्टी का ऐलान, 50 से ज्यादा सीटें जीतने का किया दावा

जयपुर। राजस्थान में जाटों के तेज तर्रार नेता हनुमान बेनीवाल 29 अक्टूबर को जयपुर में होने वाली हुंकार रैली में नई पार्टी का ऐलान करेंगे। बेनीवाल ने कहा कि रैली में 15 लाख लोग आएंगे और जनता के बीच नई पार्टी की घोषणा की जाएगी। रैली कहां होगी इस पर उन्होंने कहा कि रैली में 15 लाख लोग आएंगे, इसलिए रैली के लिए जगह तलाशी जा रही है।

 

बेनीवाल ने आगमी विधानसभा चुनाव में 50 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया है। किरोड़ी लाल मीणा से किसी तरह की बातचीत पर हनुमान बेनीवाल ने कहा कि उनसे मेरे अच्छे संबंध रहे है कि लेकिन वर्तमान में उनसे किसी तरह की बातचीत नहीं होती। हालांकि उन्होंने कहा कि घनश्याम तिवाड़ी से उनकी बातचीत होती रहती है। उन्होंने कहा कि हमार मकसद चुनावों में भाजपा और कांग्रेस को हराना है।

 

बेनीवाल ने कहा कि पार्टी के गठन के बाद वह समान विचारधारा वाले अन्य दलों के साथ राज्य में तीसरा मोर्चा खड़ा करने का प्रयास करेंगे। इस मोर्चे के घटक दलों के बारे में पूछे जाने पर बेनीवाल ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस का विरोध करने वाले हर दल को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा और इस बारे में बातचीत चल रही है।

 

मालूम हो कि 2008 में भाजपा के टिकट पर खींवसर से विधायक चुने गए बेनीवाल की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से नहीं बनी और वह अलग हो गए। साल 2013 में वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीते। बेनीवाल मौजूदा मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले तीन बड़े पूर्व भाजपा नेताओं में से एक हैं।

 

दो अन्य नेता घनश्याम तिवाड़ी और किरोड़ी लाल मीणा रहे। भाजपा ने मीणा को तो वापसी के लिए मना लिया, लेकिन तिवाड़ी ने भाजपा से अलग होकर अपनी पार्टी भारत वाहिनी पार्टी बना ली। बेनीवाल हाल ही में नागौर, बाड़मेर, बीकानेर और सीकर में बड़ी किसान हुंकार रैलियों के जरिए अपना शक्ति प्रदर्शन कर चुके हैं।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.