Breaking News
recent

बीस दिन में मिनी बंगाल बनेगा जैसलमेर,50 करोड क़े व्यवसाय की संभावना

जैसलमेर. दुर्गा पूजा कर घूमने की परम्परा का निर्वहन करने वाले बंगाली सैलानियों से स्वर्णनगरी गुलजार होने वाली है। नवरात्रा के दौरान हाथों में छाता, आंखों पर बड़े-बड़े चश्में लगाए बंगाली सैलानियों की झलक जैसलमेर में नजर आने लगी है। नवरात्रा समापन से दिवाली तक के 20 दिनों के दौरान करीब 25 हजार बंगाली सैलानियों के आगमन से जैसलमेर के पर्यटन व्यवसायियों को 50 करोड़ रुपए के व्यवसाय की उम्मीद जगी है। दूसरी ओर इन दिनों विदेशी सैलानी भी अच्छी तादाद में स्वर्णनगरी भ्रमण पर पहुंच रहे हैं। ये सैलानी बड़े समूहों में जैसलमेर के पर्यटन स्थलों के साथ सम के लहरदार धोरों तक देखे जा रहे हैं। देशी-विदेशी सैलानियों के संगम से जैसलमेर के पर्यटन व्यवसायियों को बड़ा सम्बल मिलता नजर आ रहा है।

बंगाली पर्यटकों का सहारा
जैसलमेर पर्यटन व्यवसाय को बंगाली पर्यटकों का सहारा पिछले कई सालों से बदस्तूर मिल रहा है।उनका आगमन वैसे तो सितम्बर माह से साथ ही शुरू हो गया है लेकिन हर बार की भांति इस बार भी उनकी भारी तादाद नवरात्रा पर्व के संपन्न होने के बाद ही नजर आएगी।देवीभक्त बंगाली दशहरा से दिवाली तक देष के विभिन्न अंचलों में घूमने पहुंचते हैं, जिनमें सोनार किला को आंचल में समेटे जैसलमेर प्रमुख है। विख्यात फिल्मकार सत्यजीत राय की ‘सोनार किला’ फिल्म से प्रभावित बंगाली सैलानियों का प्रवाह पिछले कुछ दशकों से जैसलमेर में लगातार बना हुआ है। गौरतलब है कि सोनार किला की अधिकांश शूटिंग जैसलमेर के ऐतिहासिक दुर्ग में ही हुई थी।

दिवाली के लिए बुकिंग शुरू
जैसलमेर स्थित होटलों से लेकर सम के रिसोट्र्स में आगामी दिवाली त्योहार के समय होने वाले पर्यटन बूम के दौरान रहने के ठिकानों की मारामारी से बचने के लिए पर्यटकों व बाहरी ट्रेवल एजेंसियों की ओर से बुकिंग का दौर शुरू हो गया है। प्रतिष्ठित होटलों तथा रिसोट्र्स में दिवाली के आसपास के पांच दिनों के लिए अधिकांश कमरे व टेंट बुक हो गए हैं। आने वाले दिनों में इस कार्य में निष्चित रूप से और तेजी आएगी। जानकारों के अनुसार दिवाली सीजन जैसलमेर के पर्यटन व्यवसाय के लिए पिछले कुछ सालों के दौरान रीढ़ की हड्डी बन चुका है। दशहरा से दिवाली और उसके अगले दस दिनों की अवधि में साल भर आने वाले एक-चौथाई पर्यटक पहुंचते हैं और इतना ही व्यवसाय भी हो जाता है।

फैक्ट फाइल
-08 लाख सैलानी पिछले साल पहुंचे जैसलमेर
-1200 करोड़ के सालाना व्यवसाय का अनुमान
-06 महीने पर्यटन व्यवसाय रहता है चरम पर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.