Breaking News
recent

एक साथ पहुंचे 8 पॉजीटिव


गंगापुरसिटी . शहर एवं गांव में डेंगू का खौफ खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को राजकीय सामान्य चिकित्सालय की प्रयोगशाला में एक साथ आठ मरीज डेंगू पॉजीटिव के पहुंचे। इन सभी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। ऐसे में उपखंड में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा ५० को पार कर गया है। हालांकि चिकित्सा विभाग स्थिति को पूरी तरह काबू में बता रहा है।


बदले मौसम के मिजाज के बीच लोग जुकाम, बुखार एवं खांसी जैसे रोगों से पीडि़त हो रहे हैं। इस बीच डेंगू का मच्छर भी लोगों को खूब काट रहा है। लगातार बुखार से पीडि़त मरीजों को जांच में डेंगू की पुष्टि हो रही है। मंगलवार को बहुतेरे मरीज जांच के लिए राजकीय सामान्य चिकित्सालय की प्रयोगशाला में पहुंचे। इनमें से आठ मरीजों को डेंगू की पुष्टि हुई है। उधर उपखंड में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पहले गांवों में दस मरीज डेंगू के मिले थे, जिनकी संख्या अब बढक़र १३ हो गई है। कूंजेला गांव से यहां मरीज पहुंंचे हैं। इनमें ज्यादातर मरीज बाहर के बताए जा रहे हैं।


क्वार्टरों पर कराई फोगिंग


मच्छरजनित बीमारियों में इजाफा होने पर मंगलवार को ब्लॉक मुख्य चिकित्सालय कार्यालय की ओर से आसपास बने क्वार्टरों के पास फोगिंग कराई गई। साथ ही जाट बड़ौदा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में एंटी लार्वा की कार्रवाई कराई गई।


इस मामले में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी गंगापुरसिटी डॉ. एस.डी. शर्मा का कहना है कि उपखंड में तीन और मरीज डेंगू के मिले हैं। अब इनकी संख्या 13 हो गई है। हमारे यहां बाहर के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। हमने नवोदय विद्यालय सहित अन्य जगह एंटी लार्वा एवं फोगिंग आदि का छिडक़ाव कराया है।
ब्लड बैंक प्रभारी सामान्य चिकित्सालय गंगापुरसिटी डॉ. बिजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को सामान्य चिकित्सालय स्थित प्रयोगशाला में जांच के दौरान 8 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। सभी का उपचार चल रहा है।


नहीं पहुंची फोगिंग मशीन


गंगापुरसिटी . नगरपरिषद की ओर से शहर में फोगिंग कराने के लिए मंगाई गई मशीन सोमवार को भी नहीं पहुंची। ऐसे में मंगलवार को शहर में फोगिंग का काम नहीं हो सका। नगरपरिषद प्रशासन ने अब बुधवार से फोगिंग कराने की बात कही है।
शहर में मौसमी बीमारियों के पैर पसारने के बाद पार्षदों ने शहर में नगरपरिषद की ओर से फोगिंग नहीं कराने पर नाराजगी जाहिर की। पार्षदों ने नगरपरिषद प्रशासन और चिकित्सा विभाग को फोगिंग करने सहित बीमारियों की रोकथाम के कदम उठाने की मांग की। इसके बाद नगरपरिषद प्रशासन ने नई मशीन की डिमांड भेजी। नई मशीन को सोमवार शाम को पहुंचना था, लेकिन वह नहीं आई। ऐसे में मंगलवार को भी शहर में फोगिंग का कार्य नहीं हुआ। नगरपरिषद आयुक्त दीपक चौहान ने बताया कि मशीन भेजने वाले पिछले दो दिन से आज-कल, आज-कल कर रहे हैं। उन्होंने मंगलवार देर रात्रि तक मशीन को पहुंचाने का आश्वासन दिया है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि बुधवार से शहर में फोगिंग कार्य शुरू हो जाए।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.