जैसलमेर. सरहदी जैसलमेर जिले में इस बार बारिश औसत से भी कम होने से पशुओं के आहार के लिए पर्याप्त घास नहीं पनप पाई है। ऐसे में किसानों के लिए पशुधन के लिए चारा जुटाना चुनौती बन गया है। पत्रिका पड़ताल में यह बात सामने आई है कि अधिकांश चारा डिपो में या तो चारा नही है या फिर मंहगा चारा मिल रहा है। इस वर्ष मानसून के समय जैसलमेर के आस-पास के क्षेत्रों में बारिश कम होने से चारे का संकट गहराया है। इन दिनों पशुपालक मंहगे भाव में चारा खरीद कर पशुओं के लिए आहार जुटा रहे हैं। उधर, कई डिपो में काला चारा जो लगभग खराब है, वहीं उपलब्ध हो रहा हैै। पशुपालक बताते हैं कि पर्याप्त बारिश के अभाव में जिले में चारे की अभी तक कटाई नहीं हो पाई है। पूर्व में जैसलमेर में चांधन व डेलासर से चारा आता था, लेकिन चारा अभी तक पका नहीं है और ना ही कटाई के लायक तैयार हो पाया है। चारे की कटाई नहीं होने से चारा हरियाणा से आ रहा है। चारे के भाव इन दिनों आसमान छू रहे हैं। करीब 8 रुपए किलो से 12 किलो के भाव से चारा गत 2 माह से खरीदा जा रहा है। आज भी बाजार में चारा 450 रुपए मण के भाव से मिल रहा है। उधर, पोकरण तहसील मे करीब 5,87, 596 मवेशी है। मवेशियो के लिए चारे का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है। पशुओ के लिए चारा जिले में तो क्या पडोसी जिलो मे भी उपलब्ध नहीं है, मजबूरन अन्य राज्यों से चारा परिवहन हो रहा है। पोकरण तहसील के रामदेवरा, सूजासर, एका, दूधिया, मावा, मलका, नया मलका व उदावत नगर सहित अन्य गांवो मे फसलों को नुकसान पहुंचा हैं।
लापता व्यक्ति जोधपुर में दस्तयाब
पोकरण. दो दिन पूर्व कस्बे के पुरोहितों की गली से अचानक लापता हुए व्यक्ति को पुलिस ने जोधपुर शहर के सिद्धनाथ महादेव मंदिर से रविवार को दस्तयाब किया। पुलिस के अनुसार पुरोहितों की गली निवासी राजेन्द्र पुरोहित के शुक्रवार को दोपहर बाद अचानक बिना बताए घर से निकल जाने पर उसके बड़े भाई की ओर से गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया गया था। थानाधिकारी सुखराम विश्रोई की ओर से मुख्य आरक्षक सुरेशकुमार विश्रोई को जांच सुपुर्द कर लापता पुरोहित को ढूंढने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉल डिटेल लोकेशन के आधार पर लापता व्यक्ति को जोधपुर शहर में ढूंढऩे के प्रयास किए तथा उसे सिद्धनाथ मंदिर में रविवार को दोपहर बाद दस्तयाब किया। जांच अधिकारी विश्रोइ के अनुसार लापता प्रौढ ने बताया कि वह सिद्धनाथ महादेव के दर्शन करने के लिए आया था, लेकिन घर पर बताकर नहीं आया। पुलिस ने उसे दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द किया।





No comments:
Post a Comment