Breaking News
recent

अग्रसेन जयंती : अग्रसेन महाराज ने किया नगर भ्रमण, शोभायात्रा में उमड़े समाजजन

प्रमोद सोनी/उदयपुर.अग्रसेन जयंती पर बुधवार को सकल अग्रवाल समाज ने शोभायात्रा निकाली। महाराजा अग्रसेन की 5142वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। प्रवासी अग्रवाल समाज समिति, अग्रवाल वैष्णव समाज, लश्करी अग्रवाल पंचायत, अग्रवाल दिगम्बर जैन पंचायत, धानमण्डी अग्रवाल समाज की प्रतिनिधि संस्था अग्रसेन जयंती महोत्सव समिति के तत्वावधान में अग्र जयंती पर राजस्थान महिला विद्यालय से सुबह शोभायात्रा शुरू हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: विद्यालय पहुंची, जहां अग्रस्नेह-अग्रवात्सल्य महाभोज हुआ।

शोभायात्रा में सबसे आगे वाहनधारी युवा चल रहे थे। उनके पीछे स्केटिंग करते बालक-बालिकाएं चल रहे थे। घोड़ों पर पांच पंचायतों की अग्र पताका लिए प्रतिनिधि थे। अग्रवाल पब्लिक स्कूल के बच्चे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पानी बचाओ, पेड़ बचाओ, पेड़ लगाओ, स्वच्छ भारत-स्वस्थ्य भारत संदेश की पट्टिकाएं लेकर चल रहे थे। जैन अग्रवाल बाल मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राएं बैण्ड लिए शामिल थे। बैण्ड अग्र गुणगान, भजन के साथ समाज की युवतियां व महिलांए पारम्परिक घूमर नृत्य करते चल रही थी। बग्गियों में अग्रसेन व उनके अठारह पुत्रों के दरबार की जीवंत झांकिया शामिल थी। रमा मित्तल, लीना अग्रवाल, श्रुति अग्रवाल, अंजना अग्रवाल के नेतृत्व में महिलाएं व युवतियां केशरिया परिधान में रंग बिरंगे कलश लिए चल रही थी। ऑर्केस्ट्रा की धुन पर अग्रसेन गीत भजन पर युवक नाचते गाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में लक्ष्मीनारायण मंदिर से अग्र समाज कुल देवी मां लक्ष्मीनारायण स्वरूप में शोभायात्रा में शामिल होकर नगर भ्रमण कर पुन: मंदिर में विराजमान हुए।
इससे पहले अग्रसेन जयन्ती का शुभारम्भ हवन पूजन के साथ हुआ। समाज के कई जोड़ों ने हवन में आहुतियां दी व समाज में खुशहाली की कामना की। पूर्णाहुति के बाद महाराज अग्रसेन की तस्वीर पर माल्यार्पण, दीप प्रज्जवलन कर राष्ट्रगान, अग्रस्तुति व महाआरती की गई। डूंगरपुर नगर परिषद के सभापति के.के. गुप्ता, जयंती संयोजक कैलाश चन्द्र अग्रवाल व सभी पंचायत के अध्यक्ष मदनलाल अग्रवाल, रामचन्द्र अग्रवाल, बृजमोहन अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल ने हरी झण्डी दिखा शोभायात्रा का शुभारम्भ किया गया।

 

READ MORE :

 

प्रवक्ता नारायण अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा आर.एम.वी. से प्रारम्भ होकर सूरजपोल, झीणीरेत, धानमण्डी, बापू बाजार होते हुए पुन: आर.एम.वी. पहुंची। मार्ग में सैकड़ों स्वागत द्वार बनाए गए व जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
जगह- जगह हुई आरती

सूरजपोल स्थित अग्रवाल भवन व लक्ष्मीनारायण मंदिर के बाहर, अग्रवाल दिगम्बर जैन पंचायत के भवन व बालमंदिर स्कूल के बाहर, देहलीगेट चौराहे पर महालक्ष्मी एवं अग्रसेन की आरती की गई। बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया।
शोभायात्रा के दौरान जगह जगह समाजजनों की ओर से आईसक्रीम, शीतल जल, जलजीरा, फलाहार, कुल्फी वितरित की गई।

शोभायात्रा के समापन पर आर.एम.वी. ग्राउण्ड में सम्मान समारोह हुआ, जहां शोभायात्रा में पारम्परिक वेशभूषा में पांचों पंचायतों के प्रतिभागी को प्रथम, द्वितीय व सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा पुरस्कार प्रदान किए गए। बालक वर्ग में अर्थव गोयल, प्रयाग, मोक्ष, भव्य, धैर्य, वागीश अग्रवाल प्रथम। युवतियों में इतिशा गोयल, आंचल, सुहानी मेड़तियां, प्रियाल, नेनीका, हनी अग्रवाल, प्रथम। महिलाओं में सपना गुप्ता, ज्योति, निरुपमा, गायत्री, मंजू बंसल प्रथम रही। पुरुष वर्ग में राजेश अग्रवाल, सचिन बंसल, शीतल अग्रवाल, राजेन्द्र, राजेश अग्रवाल, दीपक गुप्ता, सुशील मेड़तियां तथा राजेन्द्र बंसल (कोषाध्यक्ष) प्रथम रहे। मुख्य अतिथि पांचों अध्यक्ष, महासचिव, सभी समिति प्रमुखों ने विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान दिया।

agrasen jayanti

Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.