Breaking News
recent

दूसरे दिन भी नहीं हुआ गिद्धों का पोस्टमार्टम, चार गिद्धों के शव और मिलने की सूचना

पोकरण. क्षेत्र के भादरिया गांव के पास स्थित ओरण में गुरुवार को मिले आधा दर्जन गिद्धों के शवों का दूसरे दिन भी पशु चिकित्सकों का बोर्ड नहीं आने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। गौरतलब है कि क्षेत्र के भादरिया गांव की ओरण में गुरुवार को सुबह दुर्लभ प्रजाति के छह गिद्धों के शव मिले थे। वन विभाग के अधिकारियों ने गिद्धों के शवों को अपने में कब्जे में लिया। क्षेत्रीय वन अधिकारी धीराराम मेघवाल ने बताया कि गिद्धों के शव चार से पांच दिन पुराने होने के कारण उनका लाठी पशु चिकित्सालय में पोस्टमार्टम नहीं किया जा सका। उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सा विभाग को पत्र लिखकर मेडिकल बोर्ड गठन कर गिद्धों का पोस्टमार्टम करवाने का आग्रह किया गया था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वन विभाग के जिला अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है। संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग की ओर से पोकरण पशु चिकित्साधिकारी को बोर्ड गठन कर गिद्धों के शवों का पोस्टमार्टम करने के निर्देश दिए गए है।
चार गिद्धों के शव मिलने की सूचना
क्षेत्रीय वन अधिकारी मेघवाल ने बताया कि शुक्रवार की शाम अखिल भारतीय जीवरक्षा विश्रोई सभा के तहसील संयोजक राधेश्याम पेमाणी की ओर से उन्हें भादरिया गांव से उत्तर दिशा की तरफ ओरण में अलग-अलग जगहों पर चार गिद्धों के शव पड़े होने की सूचना दी गई है। जिस पर उन्होंने शुक्रवार की शाम ओरण में तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन देर रात सात बजे तक भी गिद्धों के शव नहीं मिले थे। अंधेरा हो जाने के कारण शुक्रवार की शाम तलाशी अभियान रोका गया। शनिवार को सुबह गिद्धों के शवों की तलाश पुन: शुरू की जाएगी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.