Breaking News
recent

नाला निर्माण बना लोगों के लिए परेशानी

बांदीकुई. नगरपालिका की ओर से शहर के सिकंदरा रोड पर बनाया जा रहा नाला निर्माण लोगों के लिए दुविधा बनता जा रहा है, लेकिन प्रशासन का आमजन की सुविधाओं से कोई सरोकार दिखाई नहीं दे रहा है। पुराने पेट्रोल पम्प से सिकंदरा रोड बस स्टैण्ड तक नाले का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए पालिका की ओर से पुराने नाले को क्षतिग्रस्त कर दिया, लेकिन नए सिरे से होने वाला नाला निर्माण कछुआ चाल से चल रहा है। इससे व्यापारियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
व्यापारियों का कहना है कि दुकानों के आगे नाला क्षतिग्रस्त होने व सड़क पर निर्माण सामग्री के ढेर लगे होने के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। निर्माण सामग्री के बिखरी होने से सड़क दुर्घटना होने का भी अंदेशा बना रहता है।
व्यापारियों ने कई बार पालिका कार्यालय पहुंचकर भी निर्माण कार्य को तेज किए जाने एवं दुकानों के आगे लगे निर्माण सामग्री के ढेरों को हटाए जाने की मांग की, लेकिन कार्रवाई के नाम पर ढाक के तीन पात वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। इससे व्यापारियों में पालिका प्रशासन के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इधर नगरपालिका चेयरमैन लक्ष्मी जायसवाल का कहना है कि नाला निर्माण के लिए रोडिय़ों के ढेर सड़क पर दुकानों के आगे लगे होने की जानकाारी नहीं है। यदि ऐसा है तो संवेदक से सामग्री को साइड में डलवा दिया जाएगा। (ए.सं.)

रेलवे बोर्ड चेयरमैन ने किया स्टेशन का अवलोकन

बांदीकुई. रेलवे बोर्ड चेयरमैन अश्वनी लोहानी शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली से जयपुर जाते समय शुक्रवार को कुछ देर के लिए रेलवे स्टेशन पर उतरे। उन्होंने स्थानीय रेल अधिकारियों से स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं में बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन पर सफाई व्यवस्था को लेकर संतोष जताया। वहीं रेलवे स्टेशन पर पानी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा यात्रीभार को देखते हुए स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में इजाफा किए जाने को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने ट्रेनों के ठहराव एवं थ्रू गुजरने वाले ट्रेनों के बारे में भी जानकारी ली। इसके बाद शताब्दी से ही जयपुर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक भी मौजूद थे।

कार्यकारिणी का विस्तार
लालसोट. राजस्थान माली जागृति संस्थान के जिलाध्यक्ष रामबाबू सैनी ने जिला कार्यकारिणी का विस्तार कर चेतनप्रकाश सैनी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ओमप्रकाश सैनी को जिला सह सचिव, जितेन्द्र सैनी को जिला सचिव, लेखराज सैनी को जिला संगठन मंत्री मनोनीत किया है। (नि.प्र.)

पाइप लाइन में पानी का होता है रिसाव
दौसा. शहर के लालसोट रोड पर जलदाय विभाग की पाइप लाइन में आए दिन पानी का रिसाव हो रहा है, लेकिन जलदाय विभाग के अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। जब भी सप्लाई शुरू होती है तभी पानी का रिसाव शुरू हो जाता है। लोगों ने कई बार लाइन बदलने की मांग कर ली। लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.