जैसलमेर. लाखों रुपए की राशि डिस्कॉम में जमा करवाने के बावजूद ट्रांसफार्मर और विद्युत कनेक्शन के अन्य सामान के लिए तरस रहे जिले के किसानों के लिए राहत की बड़ी खबर है। जोधपुर डिस्कॉम के एमडी एसएस यादव ने किसानों को तत्काल ट्रांसफार्मर और अन्य सामान जारी करने के निर्देश जैसलमेर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता को जारी किए हैं। एमडी यादव औचक दौरे पर जैसलमेर पहुंचे। उनके बिना किसी पूर्व सूचना के जैसलमेर आने से डिस्कॉम के अधिकारी भी चौंक गए। यहां पहुंचने के बाद एमडी ने सबसे पहले कारागृह के पास आए डिस्कॉम के भंडार गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध सामान का जायजा लेने के बाद अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया कि कृषि कनेक्शनधारी किसानों को प्राथमिकता के आधार पर मंगलवार से ही सामान जारी करना शुरू कर दें। इसके लिए उन्हें अब और इंतजार नहीं करवाया जाए। यादव ने अधीक्षण अभियंता सहित संबंधित अधिकारियों से जिले के ट्रांसफार्मर का इंतजार कर रहे किसानों की संख्या आदि के बारे में जानकारी ली। गौरतलब है कि जिले भर के करीब 3600 किसानों का मामला पिछले लम्बे समय से लम्बित चल रहा है। जानकारी के अनुसार किसानों ने पांच माह पहले कृषि कनेक्शन जारी होने के बाद डिमांड राशि जमा करवा दी। कायदे से उन्हें तीन माह में ट्रांसफार्मर मिल जाना चाहिए था।
भंडार की जानकारी ली
जानकारी के अनुसार डिस्कॉम के एमडी दिल्ली फ्लाइट से सोमवार शाम जैसलमेर पहुंचे। वे डिस्कॉम के अधिकारियों को साथ लेकर सीधे डिस्कॉम के भंडार गृह गए। उन्होंने वहां उपलब्ध ट्रांसफार्मर्स व अन्य सामग्री का निरीक्षण किया। निरीक्षण करने के बाद उन्होंने उपस्थित अधीक्षण अभियंता एसएल सुखाडिय़ा को कहा कि वे वरीयता के लिहाज से किसानों को मंगलवार से ही ट्रांसफार्मर आदि सामान जारी करना शुरू कर दें। इस मौके पर जोधपुर से मुख्य अभियंता मैटेरियल हवासिंह, एसई स्टोर पीएस चौधरी उनके साथ थे। सहायक भंडार नियंत्रक प्रदीप बारूपाल ने एमडी को उपलब्ध सामान के बारे में जानकारी दी।
कलक्टर के साथ की बैठक
निरीक्षण के बाद डिस्कॉम के एमडी सोमवार देर शाम अन्य अधिकारियों के साथ जिला कलक्टर ओम कसेरा से मिलने पहुंचे। बैठक में दोनों ने डिस्कॉम जैसलमेर के अधिकारियों से कहा कि वे किसानों के हित में सकारात्मक ढंग से काम करें। कलक्टर कसेरा ने ‘पत्रिका’से बातचीत में बताया कि जिला प्रशासन किसानों के हित में त्वरित कदम उठा रहा है। उन्हें कनेक्शन जारी करने में भी गति दिखाई गई और अब समय रहते ट्रांसफार्मर्स मुहैया करवाए जाएंगे।
इससे पहले किसानों ने दिया धरना
सोमवार सुबह ट्रांसफार्मर्स जारी करने और अन्य मांगों को लेकर किसान जागृति मंच के आह्वान पर किसानों ने डिस्कॉम कार्यालय के बाहर धरना दिया। मंच के संयोजक सवाईसिंह देवड़ा ने बताया कि किसानों ने लाखों रुपए का कर्ज लेकर कृषि कनेक्शन लिया है। अब उन्हें अगर समय पर ट्रांसफार्मर व अन्य सामान नहीं मिलता है तो रबी की फसल से वे वंचित रह जाएंगे। बाद में डिस्कॉम के अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना धरना उठा लिया।





No comments:
Post a Comment