दौसा ग्रामीण. पिछले समझौते की पालना नहीं होने के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल 13वें दिन शनिवार को भी जारी रही। दौसा आगार में संयुक्त मोर्च के कार्मिकों ने मुण्डन कराकर से अपनी मांगों को मनवाने का प्रयास किया।
इस दौरान कार्मिकों ने नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए शीघ्र सकारात्मक रुख अपनाने का आह्वान किया। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त मोर्च की ओर से कर्मचारियों की पेंशन समय पर शुरू कर भुगतान करने, सातवां वेतन आयोग लागू करने, बस स्टैण्डों पर सुविधाएं विकसित करने सहित अन्य मांगें पिछले कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन सरकार की ओर से कोई विशेष राहत नहीं देने से सार्वजनिक परिवहन का मुख्य साधन रोडवेज की स्थिति में सुधार तथा बस स्टैण्डों का समुचित विकास नहीं हो सका।
दौसा आगार परिसर में ही सड़क टूटी पड़ी है एवं पीने के पानी की भी समुचित सुविधा नहीं है। डिजिटल करने की योजना धरी रह गई। ऐसे में लोगों को सरकार एवं मोर्च में आम सहमति बनने का इंतजार है।
थमे रहे बसों के पहिए
दौसा आगार में करीब 6 दर्जन बसें संचालित हैं। इसके अलावा अन्य आगारों की बसें भी जिले से होकर गुजरती है। प्रतिदिन आठ हजार लोग रोडवेज बसों में यात्रा करते हैं। बसों का संचालन नहीं होने से यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण क्षेत्रों की ओर यात्रा करने वाले लोगों को हो रही है।
पारुल तहसील अध्यक्ष मनोनीत
दौसा. दौसा जिला वैश्य महासम्मेलन (समाज) के अध्यक्ष मनोहरलाल गुप्ता की सहमति से महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला ने बसवा तहसील अध्यक्ष पद पर पारुल विजय को मनोनीत किया है।
बड़ोली में संत सम्मेलन आज
दौसा. ब्रह्मलीन स्वामी रत्नानंद सरस्वती के निर्वाण दिवस के अवसर पर रविवार को सुबह दस से शाम चार बजे तक बड़ोली धाम पर संत सम्मेलन का आयोजन होगा। श्रीआत्मरत्न योग निकेतन ट्रस्ट के अध्यक्ष ज्ञानचेतन सरस्वती ने बताया कि ज्ञान चेतन सरस्वती ने बताया कि सत्संग के बाद भण्डारे का आयोजन होगा।





No comments:
Post a Comment