जयपुर. झोटवाड़ा थाना इलाके की कृष्णा कॉलोनी से शनिवार को दिन-दहाड़े अपहर्त की गई चार साल की बच्ची तनिष्का घटना के 24 घंटे से भी अधिक समय बीत जाने पर भी नहीं मिली है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी दिक्कत आरोपी के बारे में बिल्कुल भी जानकारी नहीं होना आ रही है। बालिका का पिता कई दिनों से आरोपी के साथ रहा, घर तक ले आया-उसे नौकरी दिलवाई और साथ-साथ शराब पी लेकिन उससे नाम-पता व फोन तक के बारे में पूछना मुनासिब नहीं समझा। फैक्ट्री मालिक ने भी तस्दीक कराए बिना और किसी दस्तावेज के बगैर उसे नौकरी तक दे दी। ऐसे हालात में पुलिस को जांच की दिशा तय करने व आरोपी की तलाश में दिक्कत आ रही है। हालांकि झोटवाड़ा थाना पुलिस ने रविवार को निवारू रोड स्थित एक पेट्रोल पम्प के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से आरोपी का फोटो निकालने में सफलता हासिल की है। यहां आरोपी व बच्ची का पिता कुछ दिन पहले खुल्ले पैसे लेने गए थे।
तीन थानों की पुलिस कर रही तलाश
झोटवाड़ा थानाधिकारी प्रदीप चारण ने बताया कि जहां से बालिका को ले जाया गया वहां आसपास सीसीटीवी कैमरे ना के बराबर लगे मिले है। हालांकि उनकी अंतिम लोकेशन पंचायत समिति भवन की तरफ जाने की आई है। बालिका से दुष्कर्म की आशंका पर झोटवाड़ा, मुरलीपुरा, करधनी व आसपास के थाना इलाके में रेल पटरी-सूनी जगह तलाश कराई गई है। संदिग्ध आरोपी के फोटो को प्रदेश के सभी थानों में ई-मेल के माध्यम से भेज दिया गया है। आरोपी की झोटवाड़ा, करधनी सहित आस-पास की चौखटियों पर तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि शनिवार को कृष्णा कॉलोनी से दोपहर में चार साल की बच्ची का उसके पिता के साथ मजदूरी करने वाले एक व्यक्ति ने अपहरण कर लिया था। दो दिन पहले वह व्यक्ति सुनील के साथ घर आया था। शनिवार को वह दुबारा घर आया। बच्ची अपने दोनों भाइयों के साथ घर के बाहर खेल रही थी। वह व्यक्ति तीनों बच्चों को कचौरी खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद दोनों बच्चे तो वापस आ गए, लेकिन बच्ची और वह व्यक्ति लापता हो गए।
पति-पत्नी के अलग-अलग बयान
झोटवाड़ा थानाधिकारी प्रदीप चारण ने बताया कि बालिका के माता-पिता आरोपी के बारे में सटीक जानकारी देते तो उस तक पहुंचना आसान था, लेकिन वे कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं। यहां तक की उनके बयानों में भी विरोधाभास है। अपहरण दिन में हुआ लेकिन पुलिस को रात करीब 8 बजे जानकारी दी गई, जिससे आरोपी को फरार होने व छिपने में मदद मिली।





No comments:
Post a Comment