सवाईमाधोपुर. अग्रवाल समाज के तत्वावधान में बुधवार को समाजवाद के प्रवर्तक अग्रसेन की जयन्ती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर जिले भर में शोभायात्रा व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। अग्रवाल समाज मानटाउन की ओर से बजरिया स्थित अग्रसेन सदन से अग्रसेन महाराज की शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा टोंक रोड, इंदिरा कॉलोनी, प्रेम मंदिर कॉलोनी, अम्बेडकर सर्किल आदि विभिन्न मार्गों से होकर वापस अग्रसेन सदन पहुंच कर सम्पन्न हुई। इसके बाद पुरस्कार वितरण व आमसभा का आयोजन किया गया। पुरस्कार वितरण में समाज की प्रतिभाओं व वरिष्ठ जनों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मंत्री सत्येन्द्र गुप्ता ने बताया कि मुख्य अतिथि कोषाधिकारी राजेन्द्र कुमार जैन थे। अध्यक्षता कुंजबिहारी अग्रवाल ने की। मुख्य वक्ता रामेश्वर जैन, गोविन्द प्रसाद गुप्ता, मोहनलाल सिंहल, गोविंद गोयल, अशोक गर्ग आदि थे।
इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक गर्ग अग्रवाल कार्यकारिणी अध्यक्ष शिवदयाल सिंहल, महिला मण्डल अध्यक्ष अन्नू अग्रवाल, महिला जिला अध्यक्ष नीलम गोयल, युवा मण्डल अध्यक्ष पंकज जैन, मुकेश गुप्ता, सुदर्शन गुप्ता, सुरेन्द्र मंगल, कपिल बंसल, मनीष गुप्ता, अशोक अग्रवाल आदि मौजूद थे। इसी क्रम में अग्रवाल समाज समिति शहर की ओर से सुबह छह बजे प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। इसके बाद ध्वजारोहण, पुरस्कार वितरण कार्यक्रम हुआ। समाज के प्रवक्ता अभिनव अग्रवाल ने बताया कि इसके बाद दोपहर दो बजे अग्रवाल धर्मशाला से शोभायात्रा निकाली गई। यह हरसाय कटला, पुरानी अनाज मण्डी, गल्र्स कॉलेज, सारोलिया पाडा, गणेश पीपली आदि कई मार्गों से होकर वापस धर्मशाला पहुंचकर सम्पन्न हुई।
इसी क्रम में अग्रवाल समाज समिति आवासन मण्डल की ओर से अग्रसेन का पूजन, इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण व सम्मान समारोह हुआ। इसके बाद अग्रसेन से शोभायात्रा निकाली गई, जो हनुमान नगर, सेक्टर एक , दो व तीन के विभिन्न मार्गों से होकर वापस अग्रसेन सदन पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान लीलाधर गोयल, हेमन्त गर्ग, अशोक गुप्ता, घनश्याम जिंदल व गोविंद सिंहल आदि मौजूद थे।
खनकाएं डांडिया
अग्रवाल समाज समिति आवासन मण्डल की ओर से शोभायात्रा के दौरान डांडिया कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इसमें महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। आयोजन से जुड़े गोविंद सिंहल ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान अग्रेसन की झांकी लोगों के आकर्षण का केन्द्र रही। इसके अतिरिक्त लक्ष्मी माता की झांकी भी सजाई गई।
किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समाज की प्रतिभाओं व वरिष्ठ जनों को सम्मानित किया गया। आवासन मण्डल में प्रतिभाओं व वरिष्ठ जनों को, शहर में 70 वरिष्ठ जनों व सौ प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विकास न्यास अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल थे। इसी क्रम में बजरिया में 73 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। आवासन मण्डल में 87 प्रतिभाओं व वरिष्ठ जनों को सम्मानित किया गया। इनमें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तीस, सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 50 व सात वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान अग्रवाल समाज समिति आवासन मण्डल की ओर से हुए कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। इस दौरान प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।
किया स्वागत
शोभायात्रा के दौरान अध्यक्ष हेमन्त गर्ग के नेतृत्व में शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर जगह- जगह स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाज बंधुओं के लिए जलपान आदि के प्रबंध भी किए गए। कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष ने समाज बंधुओं को संबोधित करते हुए अग्रसेन के गुणों को आत्मसात करने पर जोर दिया।
मित्रपुरा. श्रीअग्रसेन जयंती पर अग्रवाल समाज मित्रपुरा द्वारा अग्रसेन महाराज की शोभायात्रा सीताराम मंदिर से निकाली गई। समाज के पिंटू गोयल ने बताया कि शोभायात्रा मुख्य बाजार, शिव मोहल्ला, गणेश मंदिर होते हुए पुन: सीताराम मंदिर पहुंची। वहां पर अग्रसेन महाराज की महाआरती की।
मलारना डूंगर. अग्रसेन जयंती पर अग्रवाल नव युवक मण्डल के तत्वावधान में अग्रसेन महाराज की शोभा यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा अग्रवाल सेवा सदन से शुरू हुई जो कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस अग्रवाल सेवा सदन पहुंची। आयोजन से जुड़े मनमोहन मंगल ने बताया कि इससे पूर्व समाज की बैठक में मुख्य अतिथि कन्हैयालाल गोयल थे। अध्यक्षता रामकिशोर गोयल ने की। इस मौके पर विभिन्न प्रतियोगिताएं कर विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान समाज बड़ी संख्या में समाज जन उपस्थित थे।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी रही धार्मिक कार्यक्रमों की धूम
पीपलदा. अग्रवाल समाज पीपलदा के तत्वावधान में शोभायात्रा निकाली। समाज अध्यक्ष विमल कुमार सिंघल ने बताया कि सुबह प्रभात फेरी निकाली गई। दोपहर को शोभायात्रा निकाली गई। कस्बे सहित क्षेत्र में घट स्थापना के साथ ही शारदीय नवरात्र बुधवार से शुरू हुए। इस दौरान मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। हनुमान, सत्यनारायण,रघुनाथ, चामुण्डा माता, चौथ माता सहित घरों में पूजा अर्चना हुई।
बौंली. कस्बे में सुबह प्रभात फेरी व विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। अग्रवाल धर्मशाला में अग्रसेन पूजन के बाद प्रतिभा एवं वयोवृद्ध सम्मान समारोह हुआ। इसमें 75 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों व विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनितों तथा शैक्षणिक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह को अध्यक्ष घनश्याम मित्तल ने संबोधित किया। मुख्य अतिथि सरपंच राजेश गोयल रहे। इस दौरान मंजू सिंहल व रजनी मंगल आदि मौजूद रही। समारोह के बाद अग्रसेन महाराज की शोभायात्रा निकाली गई। समारोह का संचालन समाज के महामंत्री चन्द्रप्रकाश सिंहल ने किया। अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रवाल धर्मशाला में अग्रसेन महाराज की मूर्ति स्थापना कार्यक्रम हुआ।
खण्डार. कस्बे में अग्रवाल समाज की ओर से अग्रसेन जयंती पर प्रभात फेरी निकाली। आयोजन से जुड़े पवन सिंघल ने बताया कि दोपहर बाद समाज के लोगों ने विभिन्न झांकियां सजाकर शोभायात्रा निकाली। अग्रवाल धर्मशाला में समाज की बैठक हुई। मुख्य अतिथि गिर्राज गोयल थे। विशिष्ट अतिथि पंचायत समिति सदस्य पिंकी सिंघल, सेवानिवृत तहसीलदार हरिशंकर गोयल आदि थे। अध्यक्षता समाज अध्यक्ष जगदीश गोयल ने की। सांस्कृतिक संध्या में भाग लेने वालों को सम्मानित किया गया।
भगवतगढ़. कस्बे में अग्रवाल विकास समिति के तत्वावधान में बुधवार को अग्रसेन जयंती पर शोभायात्रा निकाली गई। अग्रवाल समाज के अशोक गोयल सरवाला ने बताया कि इसके बाद समाज के प्रबुद्ध जनों की संगोष्ठी हुई। महिलाओं एवं बच्चों की प्रतियोगिताएं हुई।
बहरावण्डा खुर्द. कस्बे में समाज के लोगों ने सुबह कस्बे के खारा कुआं पर पूजा अर्चना की तथा महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। शाम को मुख्य बाजार से महाराज अग्रसेन की शोभायात्रा निकाली गई। जयंती पर कई प्रतियोगिताएं हुई।





No comments:
Post a Comment