जयपुर। अमिताभ बच्चन के टीवी गेम शो 'केबीसी' (कौन बनेगा करोड़पति) की तर्ज पर राजस्थान पुलिस ट्विटर पर आम जनता के साथ अपना 'केबीसी' यानी 'कितना बड़ा क्राइम' खेल रही है। जहां अमिताभ के शो में सही जवाब देकर जीतने पर करोड़ों रुपए तक की धनराशि बतौर इनाम मिलती है, वहीं पुलिस का 'केबीसी' लोगों को कानूनों के बारे में जागरूक करने का तरीका है।
दरअसल, राजस्थान पुलिस के ट्विटर अकाउंट पर पिछले कुछ दिनों से 'केबीसी' के तहत आए दिन क्राइम से जुड़ा एक सवाल ट्वीट किया जा रहा है। सवाल का जवाब देने के लिए चार विकल्प दिए जाते हैं। 'केबीसी' में जनता को सवालों के जरिए यह बताने का प्रयास किया जा रहा है कि कानूनों में क्या बदलाव हुए हैं और क्या नए प्रावधान आए हैं। खासतौर से महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराध के कानूनों के बारे में बताया जा रहा है। यह पहल एडीजी (सीआइडी सीबी) पंकज कुमार सिंह की है।
जागरूकता है उद्देश्य
पुलिस ने 24 सितंबर से ट्विटर पर प्रश्नोत्तरी की यह सीरीज शुरू की है। निर्भयड्डा कांड के बाद कानून में हुए बदलाव के बारे में भी सवाल किए गए हैं। सवाल के साथ क्लू भी दिया जाता है। इतना ही नहीं, सवाल पर लोगों की आई प्रतिक्रिया या फिर गलत जवाब पर भी पुलिस उन्हें सही जानकारी देती है। इससे लोगों में जागरूकता आ रही है।
15 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स
राजस्थान पुलिस ट्विटर व फेसबुक पर काफी सक्रिय है। कभी दुर्घटनाओं के दिल दहलाने वाले वीडियो तो कभी क्रिकेट व फिल्मों से जुड़े पोस्ट करके लोगों को जागरूक किया जाता है। राजस्थान पुलिस के ट्विटर पर 15 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
लोगों को जागरूक करना भी हमारा उद्देश्य है। लोगों की दिलचस्पी के अनुसार ट्वीट किया जाए तो वह समझते हैं। 'केबीसी' को सराहा जा रहा है।
-पंकज कुमार सिंह, अति. महानिदेशक, सीआइडी सीबी, राजस्थान





No comments:
Post a Comment