बांदीकुई.
शहर के सिकंदरा रोड पर सोमवार दोपहर एक दुकान के आगे खड़ी बाइक की डिक्की तोड़कर अज्ञात लोग करीब एक लाख रुपए की नकदी पार कर ले गए। घटना का पता बाइक सवार को दुकान से सामान खरीदकर लाकर डिक्की संभालने पर टूटी दिखाई दी।
सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायला लिया और आस-पास स्थित सीसीटीवी कैमरे भी देखे और रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड सहित अन्य मार्गों पर तलाशी अभियान भी चलाया, लेकिन देर शाम तक आरोपितों का कोई सुराग नहीं लगा। अरनिया निवासी रामफूल सैनी ने हाल ही में टै्रैक्टर बेचा था। इस ट्रैक्टर को बेचने से आई करीब एक लाख रुपए की रकम को वह आगरा फाटक के समीप स्थित यूको बैंक में जमा कराने के लिए आया, लेकिन पैनकार्ड भूल जाने के कारण बैंक ने यह राशि पैन कार्ड के अभाव में एक साथ जमा करने से इनकार कर दिया।
इस पर बाइक सवार रामफूल रुपयों को डिक्की में रखकर बाजार में आ गया। जहां सिनेमा हॉल के सामने बाइक खड़ी करके दुकान पर सामान खरीदने चला गया। इसी बीच मौका पाकर अज्ञात लोग बाइक की डिक्की तोड़कर नकदी पार कर ले गए। कुछ ही देर बाद सामान खरीदकर बाइक सवार वापस लौटा तो डिक्की क्षतिग्रस्त एवं खुली देख उसके होंश उड़ गए। मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। पीडि़त सिलिकोसिस बीमारी से ग्रसित है।
गीजगढ़. कस्बे में अलवर-गंगापुर सड़क मार्ग पर जलदाय विभाग के नलकूप के समीप लगे थ्री फेज ट्रांसफॉर्मर से चोर रविवार रात तेल व तांबा पार कर ले गए। घटना का पता सोमवार सुबह लगने पर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी विद्युत निगम में दी। इस पर लाइनमैन हरकेश सैनी ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली ।
ग्रामीणों ने बताया कि चोरों ने बिजली पावर हाउस के समीप एक निजी टावर से भी बैटरी चोरी करने का प्रयास किया था, लेकिन टावर का सायरन बजने से लोगों के जाने से चोर मौके से भाग छूटे।
लवाण.
कस्बे में रविवार रात को पेट्रोल पम्प के समीप रविवार रात चोर एक थ्री फेज के ट्रांसफॉर्मर से तांबा व तेल चुरा ले गए। किसान राजू बैरवा को घटना का पता सोमवार सुबह लगा। जब वह जानवरों को पानी पिलाने के लिए स्टार्टर का बटन दबाने लगा तो मोटर नहीं चला। जाकर देखा तो ट्रांसफॉर्मर का सामान जमीन बिखरा पड़ा मिला। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर नारे लगाए। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल भी तहसील क्षेत्र में करीब दो दर्जन ट्रांसफॉर्मर चोरी हुये थे, लेकिन पुलिस ने एक भी मामले का खुलासा नहीं किया है।





No comments:
Post a Comment