बाटोदा. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की जिला स्तरीय क्रीडा प्रतियोगिता में चकेरी व बौंली विद्यालय की बालिकाओं ने अधिकतर खेलों में जीत हासिल कर अपना दबदबा बनाया। इस बीच कबड्डी में बरनाला विजेता व बौंली की टीम उप विजेता रही। प्रतियोगिता संयोजक अनिता मीना ने बताया कि कबड्डी, खो-खो के अलावा रस्साकसी, दौड़, ऊंची कूद, लम्बी कूद व सांस्कृतिक कार्यक्रम में सामूहिक नृत्य, गायन, विचित्र वेशभूषा, नाटक आदि की प्रतियोगिता हुई जिसमें चकेरी व बौंली की टीम ने बाजी मारी। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पंचायत शिक्षा अधिकारी राधेश्याम मीना ने ध्वज उतरवाकर समापन किया। शारीरिक शिक्षक फरहान अहमद, इमरान खान, शिक्षक शरीफ खान, जुबेर अहमद, गजेन्द्र सिंह, राजेश मीना, रूपसिंह गुर्जर व मोहम्मद तारीक सहित विद्यालय के शिक्षक व शिक्षिका मौजूद थे।
धांधली की जांच कराने की मांग
सवाईमाधोपुर. शिवाड़ के ग्रामीणों ने शनिवार को जयपुर लोकायुक्त के नाम जिला प्रशासन से शिकायत कर नवीन कृषि कनेक्शन लाइन में धांधली की जांच कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया कि उन्होंने इसी वर्ष जनवरी में नया कृषि कनेक्शन कराया था, जो कि अन्य करीबी कनेक्शन से प्रार्थी को कनेक्शन नहीं देकर गांव से 32 पोल लगाकर कनेक्शन दिया है। इसके लिए प्रति पोल ठेकेदार ने 1500 रुपए व अन्य खर्च वसूल किया है। इससे उनको आर्थिक नुकसान हुआ है। वर्तमान में ठेकदार की ओर से इसी लाइन से अन्य विद्युत कनेक्शन दिए जा रहे हैं। ठेकेदार अन्य उपभोक्ताओं से भी नए कनेक्शन के लिए राशि वसूल रहा है। उन्होंने मामले की जांच करवाकर कार्रवाई करने की मांग की।
नए कृषि कनेक्शन में ठेकेदार की ओर से धांधली करने का मामला नहीं आया है। यदि ऐसा मामला आता है तो जांच करवाकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एमसी चौधरी, एसई, विद्युत निगम, सवाईमाधोपुर





No comments:
Post a Comment