Breaking News
recent

विधानसभा चुनाव की रणभेरी. विकास कार्यों के आधार पर जाएंगे जनता के बीच-चौधरी, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की टीम ही मजबूत पक्ष- आर्य

भाजपा जिलाध्यक्ष का जवाब
1: जिले में तीनों विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक हैं। ऐसे में हर क्षेत्र में विकास कार्य करवाए गए हैं। अब इन विकास कार्यों, केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं और मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेंगे।
2: देश-प्रदेश में लम्बे समय तक कांग्रेस की सरकार रही। ऐसे में इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। वर्तमान सांसद ने इस मुद्दे का लोकसभा में उठाया था। इसके साथ ही सिरोही रोड रेलवे स्टेशन का नाम पिण्डवाड़ा करवाया गया। वहीं सर्वे केे लिए स्वीकृति जारी करवाई जा चुकी है।
3: आबूरोड में तहसील मुख्यालय है। माउंट आबू पर्यटन स्थल होने से वीआईपी विजिट ज्यादा रहती हंै। ऐसे में माउंट में एसडीएम का मुख्यालय होना जरूरी है। फिर भी हमारी ओर से आबूरोड को उपखंड मुख्यालय बनाने का प्रयास किया जाएगा।
4: नर्मदा का पानी सिरोही जिले को दिलाने को लेकर पार्टी की ओर से पूर्व में घोषणा की गई थी। इसके आधार पर बजट जारी कर सर्वे करवाया गया, लेकिन सर्वे में नर्मदा का पानी सिरोही जिले तक उपलब्ध करवाना फिजिबल नहीं माना गया। ऐसे में बत्तीसा नाला परियोजना को स्वीकृति दिलाई गई। हालांकि, नर्मदा के बांध की ऊंचाई बढ़ाने के बाद नहर का पानी यहां तक लाने का प्रयास जारी रहेगा।
5: पार्टी में किसी तरह की गुटबाजी नहीं है। पार्टी की हर बैठक में सभी एकजुट होकर भाग लेते हैं।
6: युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने को लेकर जिले में उड़वारिया में रीको क्षेत्र विकसित किया गया है। इसके अलावा नए रीको क्षेत्र विकसित करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
7: ये पार्टी नेतृत्व तय करेगा। इसको लेकर मंडल स्तर तक पार्टी नेतृत्व की ओर से राय-मशविरा किया गया है। उसी के आधार पर तय किया जाएगा।
8: टिकट देने का निर्णय राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व ही करेगा। वहीं इसमें कार्यकर्ताओं की राय को भी सर्वोपरि माना जाएगा।
9: जिले में केन्द्र व राज्य सरकार ने विकास कार्य करवाए हैं। वहीं गरीबों तक पहुंचकर घर-घर गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाए हैं। किसानों के लिए सिरोही में कृषि मंडी स्वीकृत की गई है। ऐसे में जनता विकास कार्यों के आधार पर विश्वास करेगी।
10: पार्टी का संगठन मजबूत है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ही पार्टी के मजबूत पक्ष हैं।
11: चुनाव के दौरान विकास कार्य ही जीत का मूल मंत्र रहेंगे।
12: अगर फिर से हमारी सरकार बनती है तो बत्तीसा नाला का पानी सभी बांधों में डालने का कार्य प्राथमिकता से करवाया जाएगा।
13: जिले में हवाई सेवा को लेकर सर्वे में आबूरोड को शामिल किया है। हमारा प्रयास रहेगा कि यहां जल्द से जल्द हवाई सेवा शुरू हो।
14: चुनाव के दौरान हमारी पार्टी की ओर से कोई झूठे वादे नहीं किए जाते हैं। वहीं जो वादे किए गए हैं, वे सभी पूरे किए हैं।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष का जवाब
1: जिले में मुख्य रूप से रोजगार की समस्या है। आदिवासी किसानों के छोटे-छोटे खेत हैं, लेकिन अब तक अधिकांश को पट्टे नहीं मिल पाए हैं। ऐसे में आदिवासी किसानों को वनाधिकार के तहत जमीन का मालिकाना और वन क्षेत्र में उपज का भी हक दिलाने का रहेगा। रेवदर और सिरोही क्षेत्र में हर वर्ग से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।
2: किसी न किसी रूप से जनप्रतिनिधियों के साथ जनता के प्रयासों की कमी ही माना जाएगा। पूर्व में केन्द्रीय गृह मंत्री बूटासिंह ने सर्वे करवाया था, लेकिन बाद में जनता ने उन्हें चुनाव जीतने का मौका नहीं दिया। ऐसे में यह कार्य आगे नहीं बढ़ पाया। अगर हमारी सरकार बनेगी तो प्रयास किया जाएगा।
3: इस सम्बंध में पार्टी की ओर से पूर्व में प्रस्ताव भी लिया गया था। हमारी सरकार बनने पर माउंट आबू की बजाय आबूरोड में उपखंड मुख्यालय बनाने और माउंट आबू में प्रोटोकॉल अधिकारी लगाने के प्रयास करेंगे।
4: यह मुद्दा पिछले कुछ चुनाव से है। हमने जनता को हकीकत से रूबरू करवाया था। नर्मदा परियोजना में सिरोही शामिल नहीं था। फिर भी भाजपा ने जनता से झूठा वादा किया। माही परियोजना में सिरोही शामिल है और इस दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
5: पार्टी का परिवार बड़ा है। ऐसे में हो सकता है कुछ में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। पार्टी में किसी तरह की गुटबाजी नहीं है। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी को जिताने के लिए कार्य करेंगे।
6: सिरोही जिला पिछड़ा हुआ है। शिक्षा का स्तर भी कमजोर है। ऐसे में प्रतियोगी परीक्षाओं में जिले के युवाओं को बोनस अंक दिलाने का प्रावधान व जिले में औद्योगिक विकास करवाया जाएगा।
7: राष्ट्रीय नेतृत्व विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का पक्षधर है। इस दिशा में पैरवी की जाएगी।
8: चुनाव में जिताऊ उम्मीदवार ही चेहरा होता है। पार्टी स्तर पर विभिन्न आधार पर आकलन कर टिकट दिया जाता है।
9: हमने सिरोही जिले में लोगों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई है। ऐसे में जनता विश्वास करते हुए हमें मौका देगी।
10: बूथ स्तर तक कार्यकर्ता एकजुट हैं। वही मजबूत पक्ष है। फिर जनता भी हमारे साथ है।
11: केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार की विफलताओं को जनता के सामने रखेंगे। यही चुनाव के दौरान जीत का मूल मंत्र होगा।
12: जिले में युवाओं को तकनीकी और रोजगारोन्मुखी शिक्षा दिलाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
13: हवाई सेवा शुरू होने से लोगों को लाभ मिलेगा। हमारी सरकार बनने पर प्रयास किए जाएंगे।
14: कांग्रेस पार्टी के नेता झूठे वादे नहीं करते हैं। वो ही वादे करते हैं जो पूरा कर सकते हैं।

सवाल जो पूछे गए
1: सिरोही जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र हैं और उनके अपने मुद्दे हैं। आप जनता के बीच किन-किन मुद्दों को लेकर जाएंगे?
2: सिरोही जिला मुख्यालय होने के बावजूद अभी तक रेल मार्ग से नहीं जुड़ पाया है? इसे प्रयासों की कमी मानेंगे या कुछ और...
3:आबादी और क्षेत्रफल दोनों ही लिहाज से आबूरोड जिले का सबसे बड़ा शहर है, लेकिन वह अब तक उपखण्ड मुख्यालय तक नहीं बन पाया है...क्यों?
4: नर्मदा का पानी कब तक सिरोही आएगा? या फिर बार-बार की गई घोषणा सिर्फ घोषणा ही रह जाएगी।
5:गुटबाजी से आप किस तरह पार पाएंगे?
6: जिले में रोजगार अवसरों का अभाव है। बेरोजगारी दूर करने की क्या योजना होगी?
7:विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पर आपका क्या दृष्टिकोण है?
8: विधानसभा चुनाव में क्या आप नए चेहरों को बतौर प्रत्याशी उतारने की वकालात करेंगे या पुराने चेहरों पर ही दांव खेलने के पक्षधर रहेंगे?
9:जनता आपकी पार्टी पर विश्वास क्यों करेगी?
10:आप पार्टी का मजबूत पक्ष किसे और क्यों मानते हैं?
11: विधानसभा चुनाव के दौरान जीत का मूल मंत्र क्या होगा?
12:अगर आपकी सरकार बनती है तो ऐसा कौनसा काम होगा, जो आप सबसे पहले जिले में करवाना चाहेंगे?
13: जिलेवासी हवाई सेवा का इंतजार कर रहे हैं। इस सम्बंध में आपकी पार्टी का क्या एजेंडा रहेगा?
14:चुनाव के दौरान जनता से किए वादे अक्सर भुला दिए जाते हैं... ऐसा क्यों?



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.