Breaking News
recent

कोर्ट से भी नहीं मिली विधायक के भाई को राहत..... दो दिन का पुलिस रिमांड

भीलवाड़ा।

शाम की सब्जी मंडी में दो गुटों में हुई फायरिंग के मामले में विधायक धीरज गुर्जर के छोटे भाई नीरज गुर्जर को गुरुवार को अदालत से राहत नहीं मिली। दो दिन का रिमांड पूरा होने पर आरोपी नीरज, राहुल और नारायण को गुरुवार दोपहर कोतवाली पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में अदालत में पेश कर आठ दिन का रिमाण्ड मांगा। अदालत ने दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद तीनों को फिर से दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर भेज दिया। इस बीच, फायरिंग के मामले में जांच अधिकारी बदल दिया गया है। अब अजमेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध एवं सतर्कता) राजेश मीना को जांच सौपी गई है। इससे पहले कोतवाली पुलिस जांच कर रही थी। अजमेंर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आइजी) बीजू जार्ज जोसेफ ने इस सम्बन्ध में गुरुवार को आदेश जारी किए।


जानकारी के अनुसार जहाजपुर विधायक धीरज गुर्जर ने शिकायत की थी कि उनके भाई नीरज, रिश्तेदार राहुल गुर्जर और कार चालक नारायण तेली को कोतवाली पुलिस ने फायरिंग के मामले में बेवजह फंसाया है। उनके खिलाफ षड्यंत्रपूर्वक मुकदमा दर्ज कर कोतवाली में प्रताडऩा दी जा रही है। शिकायत के बाद आइजी जोसेफ ने जांच अधिकारी बदल दिया। जांच अधिकारी एएसपी मीना शाम को भीलवाड़ा पहुंच गए। उन्होंने कोतवाली पुलिस से मामले की फाइल लेकर जांच शुरू कर दी है।


यह था मामला

गौरतलब है कि गत रविवार सुबह करीब ११.४५ बजे शाम की सब्जी मंडी में दो पक्षों में फायरिंग की घटना हुई थी। इसे लेकर विधायक के भाई नीरज ने पूर्व पार्षद गोविंद गुर्जर समेत पांच जनों के खिलाफ फायरिंग का मामला दर्ज कराया। दूसरे पक्ष गोविंद गुर्जर के भाई दिलीप गुर्जर ने नीरज समेत तीन जनों के खिलाफ कार को रोककर फायरिंग करने का मामला दर्ज कराया था। गोली लगने से एक रिक्शा चालक भैरू लुहार घायल हो गया था। कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के सात जनों को गिरफ्तार कर लिया था। एक आरोपी बाबू गुर्जर अब पुलिस के हाथ नहीं लगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.