सवाईमाधोपुर. सिंधी समाज के तत्वावधान में बुधवार को आसोज का चांद कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। समाज के अध्यक्ष रामचन्द कृपलानी ने बताया कि सुबह नौ बजे आवासन मण्डल स्थित झूलेलाल मंदिर पर ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद दोपहर बारह से चार बजे तक लंगर का आयोजन हुआ। इसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसादी पाई। इसके बाद शाम छह बजे से झूलेलाल मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा मंदिर से शुरू होकर शॅपिंग सेंटर, बस स्टैण्ड आदि मार्गों से होकर पुन: मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई। इसके बाद ज्योत को शहर के काला गौरा मंदिर के पास स्थित बावड़ी में विसर्जित की गई। इस दौरान गंगाधर होतवानी, ईश्वरदास व लक्ष्मणदास लालवानी आदि मौजूद थे।
झांकियां रही आकर्षण का केन्द्र
शोभायात्रा के दौरान झूलेलाल, शंकर भगवान आदि की सजीव झांकियां लोगों के आकर्षण का केन्द्र रही। शोभायात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। वहीं शोभायात्रा में समाज बंधु भजनों पर जमकर थिरकते नजर आए।
सत्संग का चला दौर
इस दौरान दिन भर आवासन मण्डल झूलेलाल मंदिर में भजन कीर्तन व सत्संग का दौर चलता रहा। इस दौरान महिलाओं ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।
धर्म की राह पर चलने का दिया संदेश
सवाईमाधोपुर. सकल दिगम्बर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने बुधवार को शांति विधान मण्डल पूजन किया। विधान पूजन में श्रद्धा की झलक दिखाई दी। समाज के प्रवक्ता प्रवीण कुमार जैन ने बताया कि शहर स्थित आदिनाथ दिगम्बर जैन सांवलियान मंदिर में जिनेन्द्र के अभिषेक व शांतिधारा के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। शांतिधारा कर भगवान को चंवर ढुलाए। इस दौरान इन्द्र-इंद्राणियों ने देव-शास्त्र-गुरू पूजन के साथ अष्ट द्रव्यों से शांति विधान मण्डल का पूजन कर श्रद्धापूर्वक मण्डल पर 120 अध्र्य समर्पित किए। पं. उमेश जैन शास्त्री में शुद्धिकरण, सकलीकरण की मांगलिक क्रियाएं मंत्रोचारपूर्वक हुई। विधान पूजन से पूर्व मण्डल पर मंगल कलशों एवं मंगल दीपक की विधि-विधानपूर्वक स्थापना की गई। पूजन के दौरान सुधा संगीत मण्डली के गायक अजित भौंसा, विनय पापड़ीवाल एवं राजेश बाकलीवाल सहित श्रद्धालुओं ने भक्ति की रसधार बहाकर इन्द्र-इंद्राणियों को नृत्य के सराबोर में डुबो दिया।
विधिक शिविर में दी जानकारी
खण्डार. विधिक जागरूकता शिविर राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खण्डार में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर आयोजित किया गया। इसमे पैनल अधिवक्ता रमेश तेहरिया ने लोगों को स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी। पीएलवी दिनेश कुमार ने मानसिक रोगियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे बताया। इस मौके पर विनोद कुमार कुमावत आदि लोग उपस्थित थे।





No comments:
Post a Comment