सीकर. मलकेड़ा गांव के पास देवगढ़-नयाबास रास्ते पर शनिवार शाम एक डंपर की टक्कर से 15 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई। जिसका शव एसके अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है। आज उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। हालांकि हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। जिसकी जानकारी पर ग्रामीणों ने उसका पीछा भी किया। लेकिन, उसे पकड़ नहीं पाए। अब पुलिस उसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
10वीं कक्षा का छात्र था मृतक
उद्योग नगर थाना पुलिस के अनुसार मृतक छात्र मलकेड़ा निवासी मूलचंद पुत्र मामराज है। जो कि कक्षा 10वीं का छात्र था। वह बाइक से घर जा रहा था कि पीछे आ रहे डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे मूलचंद वहीं गिर पड़ा और बेहोश हो गया था। इसके बाद मौके पर जमा ग्रामीणों ने मूलचंद को गंभीर अवस्था में एसके अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, यहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसकी सूचना उसके परिजनों को दी जा चुकी है। पुलिसकर्मी राधेश्याम व सुरेश ने बताया कि क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया गया है। नंबरों के आधार पर डंपर चालक को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
पीछे दौड़े ग्रामीण
घटना के बाद ग्रामीणों ने मूलचंद को संभाला और टक्कर मारकर पार हो रहे डंपर के पीछे लग गए। ग्रामीणों ने डंपर की चालक को पकडऩे के लिए कई गाडिय़ां दूर तक दौड़ाई। हालांकि कई दूर पीछा करने के बाद भी डंपर चालक वाहन को लेकर गायब हो गया। इधर, हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना के खिलाफ आक्रोश जताने लगी। लोगों ने यहां सरकारी स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग भी दोहराई। ग्रामीणों का कहना था कि सरकारी स्कूल के सामने ब्रेकर बनवाने की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन इस और कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। यदि स्कूल के सामने ब्रेकर होता तो डंपर तेज रफ्तार में नहीं होता और मूलचंद की जान नहीं जाती।





No comments:
Post a Comment