सवाईमाधोपुर. आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा की ओर से प्रत्याशियों की पहली सूची अगले माह के प्रथम सप्ताह तक जारी की जाएगी। यह जानकारी सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग के मंत्री अरुण चतुर्वेदी ने संवाददाताओं को दी। चतुर्वेदी शनिवार को सवाईमाधोपुर दौरे पर थे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश जैन, महामंत्री अरविंद गौतम, डॉ. भरतलाल मथुरिया आदि मौजूद थे।
भाजपा नहीं काटती टिकट : पत्रकार वार्ता के दौरान एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा टिकट देने व कार्यकर्ताओं को जोडऩे में विश्वास करती है। टिकट काटने का काम नहीं करती। सवाईमाधोपुर की चारों विधानसभा के संदर्भ में उन्होंने कहा कि टिकट देने का कार्य पार्टी आलाकमान का है। इस पर अभी मंथन किया जा रहा है। इससे पहले उन्होंने सरपंचों व प्रबंध समिति सदस्यों की बैठक ली और चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
कांग्रेस के पास नहीं स्क्रिप्ट राइटर
चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस को प्रदेश की जानकारी नहीं है। ना ही उनके पास ढंग का स्क्रिप्ट राइटर है। वह सत्ता में आने के बाद महिलाओं को आरक्षण देने का वादा कर रहे हैं, जबकि हमारी सरकार ने तो महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है।
वसुंधरा के नेतृत्व में ही लड़ेंगे चुनाव
चतुर्वेदी ने साफ किया कि प्रदेश में आगामी विधान सभा चुनाव मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस में तो अब तक मुखिया का चेहरा ही साफ नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा केन्द्र व राज्य की जन कल्याण कारी योजनाओंं के दम पर चुनाव लड़ेगी और फिर सत्ता में आएगी।
चुनाव के लिए पार्टी टिकट की मांग
बहरावण्डा खुर्द. राजस्थान मेरोठा युवा संगठन राज्य स्तरीय समिति और सवाईमाधोपुर मेरोठा युवा संगठन की ओर से शनिवार को जयपुर स्थित बीजेपी मुख्यालय पर बारां-अटरू रिजर्व विधानसभा सीट से राजस्थान युवा बोर्ड भाजपा के सदस्य प्रदीप मेरोठा को आगामी चुनाव में टिकट की मांग को लेकर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से मिलकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मेरोठा युवा संगठन के सुरेश मेरोठा, अध्यक्ष सावन मेरोठा, उपाध्यक्ष जगदीश मेरोठा, सवाई माधोपुर जिला अध्यक्ष प्रेमराज मेरोठा, नवल मेरोठा व रामजीलाल मेरोठा आदि सदस्य मौजूद थे।





No comments:
Post a Comment