गंगापुरसिटी . विधानसभा चुनाव में टिकट की चाह रखने वाले दावेदारों का ‘दम’ भाजपा संगठन ने शनिवार को जयपुर में हुए एक विशेष कार्यक्रम ‘रायशुमारी’ में परखा। इसमें कार्यकर्ताओं से उनकी पसंद का दावेदार एवं उसके जीतने की संभावनाओं को लेकर गुप्त रूप से पर्ची डलवाकर सुझाव जाने। खास तौर से दावेदारों से उनके जीतने की ‘जमीन’ के बारे में भी राय जानी गई।
राय जानने के दौरान आला पदाधिकारियों ने हिदायत भी दी कि पार्टी का चुनाव चिह्न ही सर्वेसर्वा रहेगा। पार्टी किसी भी व्यक्ति को टिकट दे। अन्य सभी को सिर्फ और सिर्फ पार्टी के चिह्न को ध्यान में रखकर काम करना होगा। गंगापुरसिटी विधानसभा क्षेत्र से कुल ४१ लोगों को रायशुमारी के लिए बुलाया गया। इसमें पूर्व मंडल अध्यक्षों को शामिल नहीं करते हुए कुल ३४ लोगों से राय जानी। इन लोगों को मौखिक रूप से मंच के माध्यम से या गुप्त रूप से अपनी राय पर्ची पर प्रत्याशी का नाम लिखकर देने को कहा गया।
सभी ३४ लोगों ने अपनी राय गुप्त रूप से पर्ची पर अपने पसंद के उम्मीदवार का नाम लिखा। गंगापुरसिटी विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने अपनी-अपनी पसंद के नाम संगठन को सुझाए। इस दौरान मुख्य रूप से विधायक मान सिंह गुर्जर, पूर्व सभापति हरिप्रसाद बोहरा, विशम्भरदयाल सिंघल, शिवकुमार शर्मा, जमनालाल वैष्णव, मुकेश सोनी, सुनीता गुर्जर, बच्चूलाल गर्ग, गोपाल धमोनिया, सभापति संगीता बौहरा, सुशील दीक्षित, मुकेश सेेकेट्री एवं महेन्द्र दीक्षित आदि ने अपनी राय दी।
कलह को साधने की जुगत
जानकारों का मानना है कि टिकट वितरण के बाद ‘बागी’ नहीं पनपें इस पर पार्टी का खास फोकस है। इसको लेकर सभी दावेदारों एवं पार्टी पदाधिकारियों से राय जानी जा रही है। संगठन का मानना है कि यदि रायशुमारी के दौरान विरोध के स्वर उभरते हैं तो उन्हें यहीं विराम दिया जाएगा। इससे चुनाव के परिणामों पर कोई असर नहीं दिखे। हालांकि रायशुमारी में किसी तरह का विरोध सामने नहीं आया।
जाने समीकरण, बताई हकीकत
रायशुमारी में मुख्य रूप से पार्टी की जीत की संभावना और नकारात्मक मुद्दों पर भी राय जानी गई। दावेदारों ने पार्टी की जीत के समीकरण सहित नकारात्मक रहने वाले पहलुओं पर भी राय दी। खास तौर से इस चुनाव में पार्टी की जीत के लिए क्या एंगल हो सकता है। इस पर राय जाहिर की।
पर्ची से जांची दावेदारों की मजबूती
बामनवास . बामनवास विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं की दावेदारी की मजबूती शनिवार को संगठन की ओर से जयपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान पर्ची के माध्यम से जांची गई। इसके लिए पार्टी की ओर से विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों के पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों को बुलाया गया।
टिकट वितरण की प्रक्रिया को लेकर पहले कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी का संबोधन हुआ। उसके बाद कार्यक्रम में बुलाए ३२ कैटेगिरी के पदाधिकारियों से प्रत्येक से तीन-तीन संभावित प्रत्याशियों के नामों की पर्ची बॉक्स में डलवाई गए। इसके लिए उनको सुझाया गया कि आपकी नजर में पहले तीन कौनसे दावेदार हैं जो जीतने में समक्ष हैं तथा उनकी जीत की प्रमुख वजह क्या रहेगी। कार्यक्रम के बाद टिकट के दावेदारों में अपनी-अपनी दावेदारी मजबूत रहने की चर्चा होती रही।





No comments:
Post a Comment