Breaking News
recent

पोकरण में झगड़े के बाद हमलावरों ने की फायरिंग, घटना से इलाके में फैली सनसनी

पोकरण
पोकरण के लाठी थानाक्षेत्र के धोलिया गांव के पास बुधवार की शाम हुए आपसी झगड़े व फायरिंग की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जोधपुर रैफर किया गया। हमलावरों की ओर से बंदूक से फायरिंग भी की गई। जिससे बोलेरो कैम्पर का टायर फट गया।

घटना की जानकारी मिलने पर लाठी थानाधिकारी राजूराम सीरवी मय जाब्ता मौकेे पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार धोलिया निवासी महिपाल उर्फ कालूराम विश्रोई पुत्र दीनाराम विश्रोई का कुछ लोगों से बीच आपसी लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार को दो-तीन गाडिय़ों में सवार होकर भोजाकोर से ये लोग धोलिया आए तथा महिपाल से बातचीत की। इस दौरान विवाद बढ़ गया। उन्होंने महिपाल व उसके बोलेरो कैम्पर के चालक धोलिया निवासी श्यामलाल पुत्र गोरधनराम विश्रोई के साथ मारपीट की। जिससे श्यामलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जोधपुर ले जाया गया तथा महिपाल के भी चोटें लगी।

मारपीट के दौरान फायरिंग का भी मामला प्रकाश में आया है। हालांकि फायरिंग से किसी व्यक्ति को चोट नहीं लगी, लेकिन बोलेरो कैम्पर का टायर फट गया। सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक रामचंद्र चौधरी भी मौके पर पहुंचे तथा मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि मारपीट के बाद हमलावर फरार हो गए तथा गांव में शांति बनी हुई है।

मामला करवाया दर्ज
पुलिस के अनुसार धोलिया निवासी महिपाल उर्फ कालूराम पुत्र दीनाराम विश्रोई ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि बुधवार की शाम वह अपनी बोलेरो कैम्पर से पोकरण जा रहा था। इस दौरान शाम करीब चार बजे धोलिया गांव से चार-पांच किमी दूर पीछे से दो पिकअप व एक अन्य गाड़ी में आठ-दस लोग सवार होकर आए तथा उसे गाड़ी रुकवाकर नीचे उतारा और सात-आठ लोगों ने उसके व बोलेरो चालक श्यामलाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने तलवार से वार किया, जिससे श्यामलाल के हाथ पर गंभीर चोट लगी। इसी प्रकार हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से बंदूक से फायर किया। बंदूक की गोली बोलेरो कैम्पर के टायर पर लगी तथा टायर फट गया। इस दौरान हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.