Breaking News
recent

एक बच्चे की और मौत, तीन अन्य बीमार

खण्डार. क्षेत्र की ग्राम पंचायत गण्डावर के गांव में बोहना में बीमारी के चलते एक बच्चे की और मौत हो गई। मृतक मनीष (10) पुत्र भूरया है। मनीष के गले में सूजन थी। बुधवार शाम को उसकी गांव में ही मौत हो गई। अब तक बीमारी से कुल 11 बच्चों की मौत हो चुकी है। ग्रामीण बनवारी बैरवा, रामस्वरूप माली, सुरेश माली, रामदयाल गुर्जर, रमेश मीणा आदि ने बताया कि गांव में बीमारी के चलते आए दिन मौत हो रही है, लेकिन प्रशासन गम्भीर नहीं है।


पूरा गांव सकते में
बीमारी के चलते मौत से बोहना के ग्रामीण भय में हैं। चिकित्सा विभाग की टीम भी अब गांव में सर्वे नहीं कर रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अब भी गांव में दो तीन बच्चों में बीमारी है।


विद्यालय भवन के सामने भरा रहता है पानी
ग्रामीणों का मानना है कि बोहना गांव के उप्रावि भवन के सामने पानी भरे रहने से भी बीमारी बढ़ रही है। पानी का निकास नहीं होने से गन्दे पानी में मच्छर मक्खी आदि पनप रहे हैं।


दवाई व फोगिंग की मांग : ग्रामीणो ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को गन्दें पानी में दवाई डलवाने व पूरे गांव मे फोगिंग करवाने के बारे में पूर्व में अवगत करवाया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।


नहीं मिला आराम, तो पहुंचे देवी देवताओं के दर
मनीष के बीमार होने के बाद परिजन उसे बहरावण्डा खुर्द पीएचसी लेकर गए। वहां आराम नहीं मिलने के बाद उसे सवाईमाधोपुर में निजी चिकित्सकों को दिखाया गया, लेकिन यहां भी राहत नहीं मिली। ऐसे में वह देवी देवताओं के दर पर पहुंच गए। जहां से वापस लौटते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।


बोहना गांव में बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। गले के सूजन के अन्य कोई रोगी नहीं हैं। सामान्य बीमारी के रोगी है।
दिनेश चांदा, सीएचसी प्रभारी, बहरावण्डा खुर्द



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.