प्रतापगढ़. शहर की धरियावद रोड का कायाकल्प होगा। इसके लिए 34.25 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। यह जिले की एकमात्र ऐसी सडक़ है, जो तीन विधानसभा क्षेत्रों प्रतापगढ़, बड़ीसादड़ी और धरियावद से गुजर रही है। इसे वर्ष 2014 में स्टेट हाइवे का दर्जा दिया गया था और जिससे होकर संभाग मुख्यालय उदयपुर आना-जाना पड़ता है। बावजूद इसके यह सडक़ लम्बे समय से ना सिर्फ खस्ताहाल थी बल्कि काफी संकरी भी थी। इस सडक़ पर आवागमन खासी परेशानी का सबब बना हुआ था लेकिन देर से ही अब जल्द ही जिले की इस मुख्य मार्ग की हालत में सुधार होगा। शहर से 25 किलोमीटर की दूरी तक इस सडक़ की मरम्मत होगी।
धरियावद से मध्यप्रदेश सीमा तक सडक़ की कुल लम्बाई 62 किलोमीटर है। इस 62 किलोमीटर में पुंगा तालाब से प्रतापगढ़ की ओर 25 किलोमीटर में सडक़ की लम्बाई महज 3 मीटर है, जबकि बाकी सडक़ की चौड़ाई 7 मीटर। इस सडक़ पर पिछले वर्षो में यातायात तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में सडक़ की चौड़ाई कम होने के कारण वाहनों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। इसे देखते हुए 25 किलोमीटर तक सडक़ को 7 मीटर चौड़ा कर नई सडक़ का निर्माण किया जाएगा।
------
तीन खंडों में विभाजित
सडक़ के महत्व और तीन विधानसभा क्षेत्रों में आने के कारण सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से तीन खंडों में विभाजित किया गया है। यह सडक़ विभाग के खंड प्रथम, खंड द्वितीय और धरियावद खंड के अंतर्गत आती है। धरियावद खंड में सडक़ की स्थिति बेहतर है। ऐसे में प्रतापगढ़ खंड में आने वाली खस्ताहाल सडक़ को ही चौड़ा कर नई सडक़ बनाई जाएगी।
पुलियाओं की भी होगी मरम्मत
नई सडक़ के निर्माण के दौरान इस पर आने वाली करीब 40 पुलियाओं का भी स्थिति के अनुसार नवीनीकरण, मरम्मत और चौड़ाई बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। ऐसे में इन पर से भी आवागमन में सुविधा बढ़ेगी।
एनएच की सैद्धांतिक स्वीकृति
सडक़ के महत्व एवं इस पर बढ़ते यातायात को देखते हुए 28 जनवरी 2016 को राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हुई। इस स्वीकृति को मिले लम्बा समय बीत चुका है लेकिन इसके बाद इसकी कोई सुध नहीं ली गई और अब तक इसकी प्रायोगिक स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
ये रोड भी सुधरेंगे
प्रतापगढ़-धरियावद मुख्य मार्ग के साथ ही जालारा-धरियावद और धरियावद-पारसोला-बरकुंडी मार्ग में सुधार की भी स्वीकृति मिली है। जालारा-धरियावद मार्ग पर एक करोड़ की लागत से 2 किलोमीटर और धरियावद-पारसोला-बरकुंडी मार्ग पर 4 करोड़ की लागत से 10 किलोमीटर सडक़ बनाई जाएगी।
........................
जल्द शुरू होगा निर्माण
धरियावद रोड पर जाखम चौराहे तक सडक़ निर्माण के लिए 34.25 करोड़ की स्वीकृति मिली है। इसकी निविदा खोलने का कार्य प्रगति पर है। जल्द ही इस पर कार्य शुरू किया जाएगा।
जी एल वर्मा, अधिशाषी अभियंता, प्रतापगढ़





No comments:
Post a Comment