सेड़वा.
उपखंड के फागलिया स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय को आदर्श विद्यालय का तो दर्जा मिल गया, लेकिन व्यवस्थाएं नहीं मिल पाई हैं। यहां १२ कक्षाओं में पढऩे वाले ३०० विद्यार्थियों के लिए मात्र ६ ही कक्ष हैं। वहीं पढ़ाने के लिए शिक्षकों व प्रधानाचार्य सहित १७ पद रिक्त हैं। अर्धवार्षिक परिक्षाएं नजदीक हैं, लेकिन कुछ विषयों की तो अब तक किताबें भी नहीं खुल पाई हैं। वहीं सभी विद्यार्थियों के लिए कक्ष नहीं होने के कारण आधी से ज्यादा कक्षाएं पेड़ों के नीचे संचालित हो रही हैं।
विपरीत मौसम में हालत खराब...
विद्यालय में कक्षा कक्ष के अभाव में तेज सर्दी, गर्मी व बारिश के दौरान विद्यार्थियों व शिक्षकों की समस्या बढ़ जाती है। मौसम की परिस्थितियों से जूझना पड़ रहा है। यहां प्राइमरी विद्यालय के समय बना भवन भी अब खंडहर हो गया है। पेड़ों के नीचे चली रही कक्षाएं।
उच्च कक्षाओं के लिए बढ़ी चिंता
विद्यालय की उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों व उनके परिजन की चिंता बढ़ गई हैं। विद्यालय में पदरिक्तता के
चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इससे उनके भविष्य पर भी असर होगा। यहां स्वीकृत कुल 24 पदों में से मात्र 1 व्याख्याता व 6 तृतीय श्रेणी अध्यापकों के पद ही भरे हुए हैं।
जल्द होगा समाधान
उपखंड क्षेत्र के जो भी नए उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रमोन्नत हुए हैं, वे पुराने भवनों में चल रहे हैं। नई स्वीकृति के बाद भवनों की व्यवस्था होगी, पद रिक्तता कि जो समस्या है वह जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक के अधीनस्थ है। प्रथम व द्वितीय लेवल के अध्यापकों की कमी नई भर्ती में पूरी हो जाएगी। - छगनलाल राठौड़, कार्यवाहक सीबीईओ, सेड़वा
विद्यालय में नहीं है कम्प्यूटर लैब
विद्यालय में आधुनिक शिक्षा नाम मात्र की है। यहां न तो कम्प्यूटर उपलब्ध है और ना ही कम्प्यूटर लैब। कम्प्यूटर शिक्षा अनिवार्य होने के बावजूद उन्हें यह सुविधा नहीं मिल रही है।





No comments:
Post a Comment