Breaking News
recent

कृषि उपज मण्डी मार्ग पर अतिक्रमण सिरदर्द

चौथ का बरवाड़ा. कस्बा स्थित कृषि उपज मण्डी जाने वाले मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण व्यापारियों व किसानों के लिए सिरदर्द बन गया है, इसके बावजूद मण्डी व उपखण्ड प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे अतिक्रमियों के हौंसले बुलंद हैं।जानकारी के अनुसार मार्ग पर कुछ लोगों द्वारा केबिन डालकर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया है। ऐसे में सहकारी समिति तथा मंडी में आने वाले बड़े वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाले पर केबिन रखी होने व नाला अवरुद्ध होने से बारिश के पानी की निकासी नहीं हो पाती है। जिससे मानसून के दौरान मंडी परिसर में जलभराव हो जाता है। मंडी प्रशासन ने मार्ग पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग की है, जिससे उड़द खरीद के समय कोई अड़चन नहीं आए।


कार्रवाई नहीं
गौरतलब है कि पंचायत समिति ने मार्ग पर हो रहे अतिक्रमण हटाने के लिए अतिक्रमियों को नोटिस जारी कर दिए थे, लेकिन इसके बाद कोई पुख्ता कार्रवाई नहीं की। विकास अधिकारी बृजलाल मीना ने बताया कि अतिक्रमियों का नुकसान ना हो इसको लेकर उन्हे नोटिस तथा निर्देश दे दिए गए हैं, लेकिन वे अतिक्रमण हटाते नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा जल्द कार्रवाई की जाएगी। इधर, एसडीएम राहुल सैनी ने बताया कि कृषी मंडी की ओर से अतिक्रमण हटवाने के मामले में ज्ञापन मिला है। मंडी मार्ग से जल्द अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। मंडी प्रभारी शिवदास मीना का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के लिए एसडीएम को अवगत कराया गया था।


अतिक्रमण पर पुलिस की सख्ती
सवाईमाधोपुर. शहर में त्योहारी सीजन के बीच अतिक्रमण के चलते यातायात बाधित ना हो, इसे देखते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। बजरिया के मुख्य बाजार एवं सब्जी मंडी इलाके में भीड़भाड़ अधिक रहती है। ऐसे में फल व सब्जी के ठेले एवं थडिय़ों के कारण यातायात बाधित रहता है। इसके अलावा दुपहिया एवं चौपहिया वाहनों से जाम की स्थिति बन जाती है। पिछले दिनों सीओ सिटी ने अतिक्रमियों को खदेड़ा था। इसके बाद से बाजार में अतिक्रमण कम नजर आ रहे हैं। सब्जी मंडी का रास्ता भी चौड़ा दिखाई देने लगा है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.