सीकर. शहर में महीनों से खुलेआम बिजली चोरी का खेल चलता रहा और अभियंताओं को भनक तक नहीं लगी। लगातार मीटर में रीडिंग कम आने पर विद्युत निगम का अमला चेता।
निगम टीम ने गुरुवार को नवलगढ़ रोड स्थित निर्माणाधीन तमन्ना कॉम्पलेक्स में छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान टीम को तीन-चार अवैध केबल मीटर से जुड़ी हुई मिली।
इस पर 28 लाख से अधिक का जुर्माना लगाया है। टीम ने तत्काल कॉम्पलेक्स का कनेक्शन भी काट दिया है। निगम टीम ने यहां दो वर्ष से चोरी मानते हुए कार्रवाई की है। विद्युत निगम के सीएसडी तृतृीय के सहायक अभियंता वेदप्रकाश भास्कर ने बताया कि कॉम्पलेक्स फंडन बिल्ड प्रा. लि की ओर से बनाया जा रहा है। पांच साल से चल रहे निर्माण में लगभग दो साल से चोरी हो रही है। इसका खुलासा यहां के पुराने बिजली बिलों से हुआ है। इसलिए बिजली चोरी मानते हुए 28 लाख 43607 रुपए का जुर्माना लगाया है। ऑडिट बिजली मीटर व सामान्य मीटर की रीडिंग में काफी फर्क आ रहा था। जांच में पता चला कि पांच-पांच अवैध केबल को मीटर से बाइपास करते हुए बिजली चोरी की जा रही थी। जांच के बाद यह कार्रवाई की है। दोनों मीटर की रीडिंग की जांच में सामने आया कि रीडिंग में 57 हजार का फर्क आ रहा था।
चुनावी साल में महीनों बाद बड़ी कार्रवाई
चुनावी साल में विद्युत निगम के अभियंताओं ने पहली बड़ी कार्रवाई की है। कई महीनों से निगम टीमों ने अघोषित तौर पर वीसीआर पर रोक सी लगा रखी है। निगम की ऑडिट में घपला सामने आने के बाद अभियंताओं ने यह कार्रवाई की है।
मीटर रीडर की व्यवस्था पर सवाल
कॉम्पलेक्स में बिजली चोरी पकड़े जाने मीटर रीडर की व्यवस्था पर भी सवालिया निशान खड़े हो गए है। इतने महीनों से निगम का मीटर रीडर वहां आ रहा था और उसको इसकी भनक तक नहीं लगी। ऐसे में निगम अभियंता मीटर रीडर सहित अन्य कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाएगे। सूत्रों का कहना है कि कॉम्पलेक्स में चोरी का बड़ा खेल सामने आने के बाद अब निगम दस्ता हॉस्टल व होटलों पर भी कार्रवाई करेगा।





No comments:
Post a Comment