Breaking News
recent

अष्टमी पर घर-घर कन्याओं को जिमाया, दिए उपहार और मां दुर्गा से मांगी समृद्धि

राजसमंद. नवरात्रि महोत्सव के तहत बुधवार को अष्टमी का पर्व श्रद्धा व परम्परा से मनाया गया। अष्टमी पर लोगों ने नौ कन्याओं को भोजन कराया। वैदिक रीति के तहत रोली, कुमकुम व अक्षत से तिलक लगाकर उनकी पूजा भी की गई। घर घर में हलवा, पूरी, चने के साथ विभिन्न व्यंजन बनाए गए, जिनका कुलदेवी को भोग धराने के बाद कन्याओं को जिमाया गया। कन्या भोज के बाद उपहार देकर कन्याओं को विदा किया गया। अष्टमी पर्व को लेकर शक्तिपीठों पर खास पूजा अर्चना हुई और शहर-देहात के मंदिरों में माता के दर्शनों के लिए लोगों की खासी चहलकदमी रही। जिला मुख्यालय पर राठासेण माता मंदिर, राजनगर के पहाड़ी स्थित अन्नपूर्णा माता, नौचोकी पाल पर घेवरमाता, कांकरोली में नृसिंह माता मंदिर में काफी लोग दर्शन के लिए पहुंचे।
नवरात्र महोत्सव के ज्यों ज्यों अंतिम दिनों की ओर बढ़ रहा है, त्यों त्यों गरबा पांडालों लोगों की तादाद बढ़ती जा ही है। युवक, युवतियां व महिलाओं की तादाद बढऩे से पांडालों से छोटे बच्चों को बाहर होना पड़ा और कई लोगों को गरबा रमने के लिए बारी का इंतजार करना पड़ गया। पिछले सप्ताह जहां नन्हें बच्चे पांडाल की रौनक बने हुए थे, जिनकी जगह अब युवक- युवतियों के साथ जवां महिला- पुरुषों ने ले ली। शहर व देहात के शक्तिपीठों में भी दर्शनों के लिए लोगों की तादाद दिनों बढ़ रही है। सौ फीट रोड किनारे करणी विहार राजनगर में फिल्मी, राजस्थानी गीतों पर गरबा की धमचक संध्या आरती के साथ शुरू हो गई। आठ बजे ही युवा वर्ग, कपल की तादाद इतनी बढ़ गई कि नन्हें बच्चों को किशोर अपने आप ही पांडाल से बाहर हो गए। ‘माता जगदम्बे सुणो म्हारी पुकार...’ से शुरू हुए कार्यक्रम में ‘म्हाने गरबा रमवा दो...’, ‘कजरारे कजरारे तेरे काले-काले नेना...’ सरीखे एक से बढक़र एक राजस्थानी, फिल्मी व गुजराती गानों पर लोगों ने लगातार गरबा नृत्य किया। सिविल लाइन के पास आवरा माता मंदिर परिसर में भी एक से बढक़र एक माता के भजनों व राजस्थानों गीतों पर लोगों ने मनमोहक गरबा नृत्य किया। इसी तरह सनवाड़, राजनगर, मालीवाड़ा, किशोरनगर मंडा, मालनिया चौक, मुखर्जी चौराहा, नई आबादी में देर रात तक गरबा की धमचक रही।

दुर्गाष्टमी पर हुए यज्ञ हवन
पीपली आचार्यान. क्षेत्र में बुधवार को दुर्गाष्टमी पर्व पर साधकों तथा शक्तिपीठों पर पंडितों द्वारा यज्ञ हवन किए गए। घरों में भी इष्टदेवी का विधि विधान से पूजन किया गया। इस अवसर पर कई साधकों ने कन्याओं को भोजन करवाया एवं फल, दक्षिणा भेंट की। गांव में केशवराय मंदिर परिसर स्थित दलेसरिया भैरवनाथ के पंडित महेश आचार्य के सान्निध्य में आयोजित हवन में श्रद्धालुओं ने आहुतियां दी। कीर मोहल्ला स्थित भैरवनाथ मंदिर में पंडित रमेशचन्द्र शर्मा के सान्निध्य में हवन हुआ। शिव मंदिर पर रामनवमी के तहत गुरुवार को अखण्ड रामायण पाठ होगा। इसीतरह क्षेत्र के शक्ति पीठों पर गुरुवार जवारा विसर्जन किया जाएगा। चावण्ड माता शक्तिपीठ पर इसके लिए 51 फीट का नेजा तैयार किया जा रहा है।

स्कूल में खनके डांडिये
कुंवारिया. यहां के यूनाइटेड पब्लिक स्कूल में प्रधानाध्यापक गिरीश झा ने डांडिया महोत्सव की शुरुआत की। बाद में छात्र व छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर अध्यापिकाओं में दीपिका सेन, पूजा छीपा, लक्ष्मी पालीवाल, प्रियंका मिश्रा, स्वाति श्रीमाली, निर्मला पालीवाल, चेतना श्रीमाली, गायत्री शर्मा आदि ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.