नाचना. स्थानीय शारदा बालिका छात्रावास में को पानी को लेकर दो छात्राओं में मारपीट की घटना से बवाल कर दिया, जिससे एक छात्रा को चोट लगी। अस्पताल में उपचार करवाया गया। झगड़े के बाद छात्रावास की छात्राओं में तनाव की स्थिति हो गई तथा सूचना पर जिला कलक्टर ने पुलिस वृताधिकारी सरदारदान को छात्रावास जाकर स्थिति नियंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मय जाब्ता छात्रावास पहुंचकर छात्राओं से समझाइश की। गौरतलब है कि छात्रावास में शनिवार को सुबह टंकियों व टांके में पानी नहीं था। जिस पर छात्राओं ने नाराजगी जताई। कई छात्राओं को सुबह शौच के लिए भी बाहर जंगल में जाना पड़ा तथा कई छात्राएं पानी नहीं होने के कारण नहा नहीं सकी। छात्राओं ने बताया कि छात्रावास के वार्डन व राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य के बीच चलते मन-मुटाव व आपसी गुटबाजी के कारण छात्रावास की व्यवस्थाएं ठीक नहीं है तथा छात्राओं के भी दो गुट हो गए है, जिसका खामियाजा छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। शनिवार को भी अव्यवस्थाओं के चलते छात्रावास में पानी नहीं होने पर कुछ छात्राओं ने शौच के लिए बाहर जाने पर आना-कानी की। इस पर छात्राओं में ही आपस में झगड़ा हो गया तथा स्थिति तनावपूर्ण हो गई। यहां उपस्थित किसी ने जिला कलक्टर को फोन कर दिया। जिस पर उन्होंने पुलिस वृत्ताधिकारी को छात्रावास जाने व स्थिति की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। वार्डन अध्यापिका ने बताया कि पानी नहीं होने की सूचना उन्होंने व्यवस्थापक को दे दी थी, लेकिन उनकी ओर से ट्रैक्टर टंकी मालिक को पूर्व में ही पाबंद कर दिया गया था कि उनके बिना आदेश के ट्रैक्टर टंकी छात्रावास में नहीं भेजे। जिला कलक्टर के निर्देश पर अतिरिक्त परियोजना समन्वयक कानसिंह भी नाचना पहुंचे। उन्होंने छात्रावास पहुंचकर छात्राओं में हुए झगड़े की जानकारी ली। छात्राओं, वार्डन, व्यवस्थापक, प्रधानाचार्य के अलग-अलग बयान लिए। परियोजना समन्वयक ने छात्राओं से समझाइश की तथा भविष्य में व्यवस्थाओं को सुचारु करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को भी छात्रावास में नियमित जलापूर्ति करने का आग्रह किया। छात्राओं को हो रही परेशानी व आपस में झगड़ा करने की जानकारी मिलने पर छात्राओं के परिजन व छात्रावास कमेटी के सदस्य भी छात्रावास पहुंचे। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं पर रोष जताया।
होगी आवश्यक कार्रवाई
जिला कलक्टर के निर्देशानुसार छात्रावास में अव्यवस्थाओं की स्थिति व छात्राओं में हुए झगड़े की जांच के लिए छात्रावास पहुंचा तथा छात्राओं, वार्डन व व्यवस्थापक के बयान लिए। आपसी गुटबाजी के चलते व्यवस्थाएं ठीक नहीं है। भविष्य में छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-कानसिंह, अतिरिक्त परियोजना समन्वयक रमसा, जैसलमेर।





No comments:
Post a Comment