सवाईमाधोपुर. रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान में पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगोंं व दशहरा पर रणथम्भौर में बाघों की अठखेलियां देखने आने वाले पर्यटकों के लिए एक राहत भरी खबर है। दशहरा पर छुट़्िटयों के मद्देनजर व पर्यटकों की बंपर आवक को देखते हुए वन विभाग आखिरकार पार्क भ्रमण पर जाने वाले वाहनों की संख्या में इजाफा करने को राजी हो गया है। रणथम्भौर बाघ परियोजना के सीसीएफ ने वन अधिकारियों को इसके लिए निर्देश जारी किए हैं।
तीस वाहन बढ़ाए जाएंगे
पर्यटकों की संख्या को देखते हुए वन विभाग ने दशहरा पर पार्क भ्रमण में वाहनोंं की संख्या में इजाफा करने का फैंसला किया है। इसमें दोनों पारियों को मिलाकर करीब 30 वाहनों का इजाफा किया जाएगा। इनमें से अधिकतर वाहनों को बाहरी जोनों पर भ्र्रमण के लिए भेजा जाएगा। वहीं पर्यटकों की संख्या के आधार पर इनमें और भी इजाफा किया जा सकता है।
अभी यह है वाहनों की लिमिट
वर्तमान में विभाग की ओर से करंट बुकिंग प्रक्रिया में बदलाव के बाद से रणथम्भौर में वाहनों की लिमिट निर्धारित कर दी है। ऐसे में एक पारी में एक जोन में महज आठ ही वाहन भेजे जा रहे हैं। ऐसे में पर्यटकों को परेशानी हो रही है।
इनका कहना है....
पर्यटकों की संख्या के आधार पर हर साल की तरह इस बार भी वाहनों की संख्या में वृद्धि की जाएगी। सभी पर्यटकों को जंगल भेजा जाएगा।
- वाई के साहू, सीसीएफ, रणथम्भौर बाघ परियोजना, सवाईमाधोपुर।





No comments:
Post a Comment