भुवनेश पंड्या/उदयपुर . केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा 2019 के प्रश्न-पत्रों में बड़ा बदलाव किया है। इस बार परीक्षार्थी को संक्षिप्त जवाब वाले प्रश्न अधिक मिलेंगे जिससे उन्हें प्रश्न चुनने का अवसर मिल जाएगा।
बोर्ड परीक्षा में अब तक 10वीं और 12वीं के किसी भी विषय में केवल विवरणात्मक प्रश्नों में ही विकल्प मिलते थे। ऐसे में छात्रों को संक्षिप्त जवाब वाले प्रश्नों में कठिनाई होती थी। अब इसमें भी विकल्प का अवसर 10वीं और 12वीं मिलाकर 55 विषयों में दिया जा रहा है। बदलाव के तहत 12वीं क्लास के 40 विषयों और 10वीं के 15 विषयों के प्रश्न-पत्र शामिल किए गए हैं। इसकी अधिसूचना भी बोर्ड ने जारी कर दी है। वर्ष 2019 की बोर्ड परीक्षा में थ्योरी और प्रेक्टिकल दोनों के अंक जोड़ते हुए उत्तीर्ण हो सकेंगे।
फरवरी के अंत या मार्च में होगी परीक्षा
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने दसवीं और बारहवीं कक्षा के सैंपल पेपर जारी कर दिए हैं जिससे परीक्षार्थी पेपर पैटर्न की जानकारी ले सकेंगे। बोर्ड ने पहले ही अपनी वेबसाइट पर पिछली बोर्ड परीक्षाओं के पेपर अपलोड कर दिए थे। परीक्षार्थी इन पेपर को डाउनलोड भी कर सकते हैं। इसमें अलग-अलग विषय की लिस्ट भी अपलोड की गई है। साथ ही बोर्ड ने परीक्षार्थियों के लिए मार्किंग स्कीम भी जारी की है। परीक्षाएं फरवरी के आखिरी सप्ताह या मार्च के पहले सप्ताह से शुरू हो सकती हैं। सैंपर पेपर जारी होने से पैटर्न पर आधारित तैयारी के लिए कुछ समय मिल जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को प्री बोर्ड एग्जाम की अच्छी तैयारी हो सकेगी।
बोर्ड ने इस बार विद्यार्थियों की सुविधा के लिए परिवर्तन किया है, ताकि उन्हें विकल्प चयन में फायदा मिले। साथ ही विद्यार्थी तैयारी के लिए बोर्ड की साइट पर उपलब्ध सैंपल पेपर डाउनलोड कर सकेंगे।
पीसी कोठारी, प्रधानाचार्य, केन्द्रीय विद्यालय प्रथम





No comments:
Post a Comment