Breaking News
recent

छात्र राजनीति से पहुंचे सूबे की सबसे बड़ी पंचायत में

छात्र राजनीति से पहुंचे सूबे की सबसे बड़ी पंचायत में
सीकर. महाविद्यालय और विश्वविद्यालय में पढक़र अफसर, वैज्ञानिक या अन्य पदों पर ही नहीं पहुंच रहे बल्कि अनेक ने राजनीति में भी भविष्य चमकाया है। शेखावाटी के रहने वाले अनेक छात्र नेता पहले छात्रसंघ चुनावों में पदाधिकारी बने, फिर सूबे की सबसे बड़ी पंचायत (विधानसभा) व संसद तक भी पहुंचे।
चूरू जिले की सरदारशहर तहसील के हरपालसर गांव निवासी राजेन्द्र सिंह राठौड़ भी छात्र राजनीति से ही चमके हैं। उन्होंने पहले राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर में अध्यक्ष का चुनाव जीता। इसके बाद जयपुर में राजनीति की शुरुआत की, लेकिन वहां जीत का सेहरा नहीं बंधा तो खुद के गृह जिले चूरू में लौट आए। वे चूरू व तारानगर से विधायक रह चुके। वर्तमान में भी चूरू से विधायक हैं। चूरू जिले के ही नरेन्द्र बुडानिया छात्रसंघ चुनावों में जीते, बाद में विधायक व राज्यसभा का चुनाव जीत चुके। अब फिर सक्रिय हैं।
इसी प्रकार झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ तहसील के परसरामपुरा गांव निवासी राजकुमार शर्मा पहले जयपुर में महाराजा राजकीय संस्कृत महाविद्यालय में अध्यक्ष रहे, फिर राजस्थान विवि में अध्यक्ष रहे। इसके बाद नवलगढ़ से विधायक का चुनाव जीत चुके। वर्तमान में भी नवलगढ़ से विधायक हैं। झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी उपखण्ड के गुड़ा गांव निवासी रणवीर सिंह गुड़ा राजस्थान विवि में छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके। इसके बाद वे खुद के क्षेत्र में आकर विधानसभा का चुनाव भी जीत चुके। सीकर में अमराराम व पेमाराम श्रीकल्याण राजकीय महाविद्यालय सीकर में छात्रसंघ के अध्यक्ष रहे। बाद में दोनों विधानसभा तक पहुंचे। इसी प्रकार घनश्याम तिवाड़ी, अश्क अली टाक व दीपेन्द्र ङ्क्षसह शेखावत सहित अनेक छात्र राजनीति से विधानसभा तक पहुंच चुके।
अब यह कतार में
चूरू जिले में छात्रसंघ चुनावों में सक्रिय रहे एवं वर्तमान में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ वासुदेव चावल, राजस्थान विवि के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे झुंझुनूं के नरहड़ के पास के रहने वाले अंकित धायल भी टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं।
कार्यालय सूने, क्षेत्र में हलचल
सीकर. समय रविवार दोपहर साढ़े चार बजे। नवलगढ़ रोड स्थित जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर ताला लटका हुआ है। ना कोई अंदर है ना बाहर। वहां से गुजरते हुए लोगों से पूछा तो बताया कि कुछ दिन पहले तो हलचल थी, लेकिन अब यहां कोई नहीं है। कोई अपने क्षेत्र में गए हुए हैं तो कोई जयपुर या दिल्ली चक्कर लगा रहे हैं। कांग्रेस के कुछ नेता रविवार को जनसम्पर्क में जुटे रहे। इससे पहले पत्रिका टीम पतासा वालों की गली स्थित भाजपा कार्यालय पहुंची। वहां बाहर कोई चहल-पहल नहीं दिखी। अंदर जाकर देखा तो चार वरिष्ठ कार्यकर्ता आपस में चर्चा कर रहे थे। इधर सूत्रों का कहना है अधिकतर पार्टी पदाधिकारी या तो क्षेत्र में है या फिर टिकट के लिए भाग-दौड़ कर रहे हैं। चुनाव लडऩे वालों की पहली प्राथमिकता कैसे भी करके टिकट प्राप्त करना है। वे इसी के लिए प्रयास कर रहे हैं। जिनको टिकट मिलने का पूरा विश्वास है वे क्षेत्र में जाकर समस्या सुन रहे हैं, नए वादे कर रहे हैं तो नाराज को मनाने में भी जुटे हुए हैं।

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.