Breaking News
recent

श्रीनाथजी व श्री द्वारकाधीश मंदिर में दशहरा मनाया, कल होगा रावण दहन

राजसमंद. श्री पुष्टिमार्गीय तृतीय पीठ प्रन्यास प्रभु श्री द्वारकाधीश मंदिर में गुरुवार को विजयदशमी का पर्व मनाया जाएगा। श्री द्वारकाधीश मंदिर से मिली जानकारी के अनुसार इस दिन प्रभु श्रीनाथजी भावनात्मक रूप से द्वारकाधीश मंदिर पधारते हैं व राजभोग आरोगते हैं। कहा जाता है कि आज ही के दिन कांकरोली मंदिर के पीठाधीश ने घसियार से श्रीनाथ जी को नाथद्वारा विराजित किया था। तब श्रीनाथजी ने वचन दिया था कि हर विजयदशमी को वह काकरोली पधारेंगे व राजभोग अरोगेंगे। उस समय से श्रीनाथजी के भावनात्मक रूप से कांकरोली पधारने का क्रम रहता है, वहीं विजयदशमी के उपलक्ष्य में राजभोग में प्रभु द्वारकाधीश को शस्त्र धराए जाएंगे व चून की विशेष आरती की जाएगी। भोग के दर्शनों में प्रभु द्वारकाधीश को जवारे धराए जाएंगे व दशहरे की विशेष आरती की जाएगी। इस दिन नवरात्र से शुरू हुए सरस्वती पूजन का विसर्जन किया जाएगा। शस्त्र पूजन, अश्व पूजन व खेजड़ी पूजन का विशेष क्रम रहेगा।

नाथद्वारा. विश्व प्रसिद्ध प्रभु श्रीनाथजी मंदिर में दशहरा का त्यौहार गुरुवार को धूमधाम से मनाया जाएगा एवं इस अवसर पर सायंकाल शयन के दर्शन भी आज से ही प्रारंभ हो जाएंगे। आराध्य प्रभु श्रीनाथजी को इस अवसर पर विशेष शृंगार के साथ श्रीमस्तक पर जवारा भी धराए जाएंगें। वहीं सायंकाल शयन की झांकी के दर्शन भी खुलने प्रारंभ हो जाएंगे। शहर में दशहरा का त्यौहार तो गुरुवार को मनाया जाएगा, परंतु रावण का दहन शुक्रवार को सायंकाल शहर के दामोदरलाल महाराज स्टेडियम में होगा। जहां पर मेघनाद एवं कुंभकर्ण का भी दहन किया जाएगा। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जो शहर के रिसाला चौक से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होकर स्टेडियम पहुंचेगी।

25 फीट ऊंचे रावण के पुतले का होगा दहन
रेलमगरा. दशहरे के अवसर पर उपखण्ड क्षेत्र के गिलूण्ड कस्बे के दशहरा मैदान पर 25 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। पुतले का निर्माण कार्य जयपुर से आए कलाकारों द्वारा किया जा रहा है। रावण का पुतला बनाने के ठेकेदार लोकेश गेलड़ा ने बताया कि पुतले के साथ दशहरा मैदान में मेघनाद का पुतला भी बनाया जाएगा।

कुंवारिया में पहली बार होगा रावण दहन
कुंवारिया. कस्बे के खेल मैदान पर मॉर्निंग क्लब के तत्वावधान में आमजनता के सहयोग से पहली बार रावण दहन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। रावण का पुतला ३१ फीट ऊंचा बनाया जा रहा है। गोपाल सालवी ने बताया कि रावण दहन शुक्रवार शाम को होगा। दहन से पूर्व चारभुजा के बड़े मंदिर से गाजे बाजे के साथ राम, लक्ष्मण, जानकी व हनुमान झाकिंयां निकाली जाएंगी। कस्बे में पहली बार हो रहे आयोजन को लेकर युवाओं में उत्साह है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.