सवाईमाधोपुर. जिले भर में शनिवार को करवा चौथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने निर्जला उपवास रख रात में चांद को अघ्र्य समर्पित कर अपने पतियों की लम्बी उमर व बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। इससे पूर्व गली मोहल्ले में महिलाओं ने सामूहिक रूप से चौथ माता की कथा सुनी और पूजा की।
दिन भर चला खरीदारी का दौर : इससे पूर्व सुबह से ही बाजरों में भारी भीड़ रही। करवा चौथ के अवसर पर महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। दिन भर खरीदारी का दौर चलता रहा। महिलाओं ने कपड़े व आभूषण खरीदे।
माता के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब
चौथ का बरवाड़ा. कस्बे में स्थित चौथ माता मंदिर पर शनिवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। दूर-दराज से हजारों भक्तों ने माता के दर्शन कर मनौतियां मांगी। साथ ही सुहागनियों ने करवा चौथ का वृत रखकर अपने दाम्पत्य जीवन में खुशहाली के लिए कामना की। इस अवसर पर मंदिर में भारी भीड़ के कारण सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करवा चौथ होने की वजह से मंदिर परिसर पर महिलाओं की संख्या अधिक रही। देर शाम तक दर्शन का सिलसिला जारी रहा। चौथमाता ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चौथ माता के दर्शन किए।
सजा माता मंदिर
चौथ माता मंदिर को करवा चौथ पर रोशनी से सजाया गया। रंग-बिरंगी रोशनी लाइटों से मंदिर जगमग हुआ। निज मंदिर को पुष्पों से सजाया गया। माता के शृंगार में सिंदूर का चोला चढ़ाया गया व पोशाक पहनाई गई। इसीतरह मंदिर में विराजमान गणेश व भैरूजी को भी चोला चढ़ाया गया।
मांगी मन्नत
अमर सुहाग का वरदान देने वाली माता के दर महिलाएं सोलह सिंगार कर पहुंची। माता के दर्शन कर अपने पतियों की दीर्घायु की मनोकामनाएं की। साथ ही दाम्पत्य जीवन में खुशहाली का वरदान मांगा।
सुनी चौथ माता की कथा
करवा चौथ पर महिलाएं चौथ माता मंदिर पहुंच कर मंदिर परिसर पर समूह बनाकर माता की कहानियां सुनी। अमर सुहाग का वरदान देने वाली माता का गुणगान किया।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
करवा चौथ पर चौथ माता के दर्शनार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए। चौथ माता ट्रस्ट प्रशासन, पुलिस व पंचायत की ओर से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए। ट्रस्ट की ओर से 20 से अधिक सुरक्षा गार्ड लगाए गए। पुलिस जवान सिविल ड्रेस में तैनात रहे। ग्राम पंचायत की ओर से कस्बे में वाहनों का प्रवेश बन्द रहा।
जाम में फंसे वाहन
करवा चौथ पर वाहनों की अधिकता रहने से बलरिया फाटक पर जाम लग गया। ऐसे में घंटों तक लोग जाम में फंसे रहे। पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जाम को खुलवाया, जिसके बाद वाहन चालकों को राहत मिली।
करवा चौथ पर की पूजा
पीपलदा. कस्बे में नहर के पास स्थित चौथमाता मंदिर परिसर में शनिवार को करवा चौथ पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इस मौके पर लोगों ने माता के दर्शन कर मनौतियां मांगी। साथ ही सुहागनियों ने करवा चौथ का व्रत रखकर अपने दाम्पत्य जीवन में खुशहाली व सफलता के लिए कामनाएं कीं।
बाटोदा. कस्बे में शनिवार को सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लम्बी उम्र की कामना व घर परिवार में सुख समृद्धि के लिए करवा चौथ का उपवास किया। वहीं युवतियों ने अच्छे वर की कामना वास्ते व्रत रखा। इस मौके पर महिलाओं ने माताजी के मंदिर जाकर पूजा अर्चना की। वहीं घरों में सामूहिक रूप से जोत जलाकर पूजा की व करवा चौथ की कहानी सुनी।
बहरावण्डा खुर्द. कस्बे में शनिवार को सुहागिनों ने अपने सुहाग की लम्बी उम्र की कामना के लिए करवाचौथ के पावन पर्व पर निर्जला व्रत रखा तथा चौथ माता की विधि विधान से पूजा की। इससे पहले महिलाओं ने सोलह शृंगार कर चौथ माता की व्रत कथा सुनी। सुहागिनों ने अपने बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। चांद देखकर अपने सुहाग की लम्बी उम्र की कामना की तथा अध्र्य देकर पूजा की।
छाण. कस्बे सहित आस-पास के गांव में सुहागिनों ने करवा चौथ का पर्व शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया। सुहागिनों ने निर्जला व्रत रखा एवं चौथ माता की विशेष पूजा अर्चना कर पति की दीर्घायु की कामना की।
रवांजना चौड़. कस्बा सहित क्षेत्र में अखण्ड सुहाग के प्रतीक करवा चौथ का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। करवा चौथ के पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह रहा। विवाहिताओं ने पति के दीर्घायु की कामना के लिए व्रत व उपहास रखे। महिलाओं ने व्रत रखकर चन्द्र दर्शन के बाद कहानी सुनी।





No comments:
Post a Comment