देवगढ़. नगर के महाराणा प्रताप सभागार में महिलाओं के माध्यम से महिला सशक्तिकरण एवं जन सामान्य में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए आयोजित ई-सखी योजना के प्रशिक्षण का समापन रविवार को हुआ।
राज्य सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग की ओर संचालित प्रशिक्षण में 300 ई-सखियों ने मास्टर ट्रैनर महेश पालीवाल के सानिध्य मे ई-सखी योजना, ई-मित्र व ई-मित्र प्लस, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, ईपीडीएसए ई-सखी एप, डिजीकिट राज ई-साइन, एसएसओ आईडी लॉगइन, राज ई-ऑल्टर महिला सुरक्षा एप, राजस्थान डॉमेन मेल आईडी, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, राजस्थान सम्पर्क, राजधरा एप तथा योजना के बारे में जानकारी ली। प्रशिक्षण के अंतिम दिन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी हुई। इस दौरान दुर्गा चुण्डावत, शिल्पा सेन, फरहाना बानो, ज्योति छापरवाल, कविता चौहान, सृष्टि शर्मा, पायल गर्ग, सुमन रेगर, मोनिका गहलोत, फाल्गुनी धाभाई, प्रियंका व्यास आदि मौजूद थी।
बेस्ट ई-सखी मिलेगी मुख्यमंत्री से
मास्टर ट्रैनर पालीवाल ने बताया कि ई-सखी को प्रशिक्षित होने का प्रमाण पत्र दिया जाएगा। सर्वोत्तम ई-सखी चुने जाने पर ‘कॉफी विद सीएम’ कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
ई-सखी को मोबाइल के लिए सरकार देगी 2500 रुपए
जिले में लोगों को डिजिटल साक्षर बनाने का काम करने वाली ई-सखियों को सरकार मोबाइल खरीदने के लिए दो किश्तों में 2500 रुपए देगी। इसके साथ वे भामाशाह डिजिटल योजना में मोबाइल लेने के लिए भी आवेदन कर सकेंगी। वे लोगों को डिजिटल साक्षर बनाने के लिए प्रशिक्षित करने का कार्य कर रही हैं।
स्वच्छता प्रबंधन पर हुई कार्यशाला
देवगढ़.नगर पालिका सभागार में ओडीएफ स्थिरता माहवारी स्वच्छता प्रबंधन और पोषण अभियान में ब्लॉक स्तर पर एक दिवसीय कार्यशाला हुई। मुख्य अतिथि विधायक हरिसिंह रावत, जिला भाजपा अध्यक्ष भंवरलाल शर्मा, प्रधान उम्मेदसिंह चूंडावत ने लाभार्थियों को संबोधित किया। ओडीएफ स्थिरता पर विकास अधिकारी दलपत सिंह, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर डॉ. भानुप्रिया और पोषण अभियान पर महिला सुपरवाइजर सरोज कंवर ने जानकारी दी।
सरपंच ने किया जनसंपर्क
देवगढ़. राजस्थान रावत राजपूत महासभा महिला प्रदेशाध्यक्ष व मण्डावर सरपंच प्यारी कुमारी रावत ने रविवार को सेंड माता के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने देवगढ क्षेत्र के कालेसरिया, निमझर, मदारिया, कुंदवा, पारड़ी, आंजना व दौलपुरा गांवों का दौरा कर जनसंपर्क किया। इस दौरान जसवंत सिंह, प्रेमसिंह, देवीलाल, केवलसिंह आदि साथ थे।





No comments:
Post a Comment