अलवर. शहर की जाट कॉलोनी में शुक्रवार को सीसी रोड का शिलान्यास करने गए शहर विधायक बनवारी लाल सिंघल के सामने स्थानीय महिलाओं ने इलाके की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए बवाल मचा दिया ।
मामला तब ज्यादा गंभीर हो गया जबकि विधायक के साथ इस कार्यक्रम में इसी इलाके का ए श्रेणी हिस्ट्रीशीटर मछेन्द्र उर्फ मच्छू मौजूद रहा। न केवल मौजूद रहा बल्कि शिलान्यास कार्यक्रम में पूरी तरह से सक्रिय दिखाई दिया।
शिलान्यास में नारियल फोडकऱ विधायक ने भी सबसे पहले हिस्ट्रीशीटर के हाथ में ही थमाया। बाद में विधायक का विरोध कर रही महिलाओं को भी ये हिस्ट्रीशीटर समझाते हुआ भी नजर आया। इलाके के पार्षद सुरजीत भमलोत की माने तो विधायक को यहां विरोध होने का अंदेशा था इस लिए वे मच्छू को साथ लेकर आए। कारण कोई भी रहा हो लेकिन विधायक के साथ हिस्ट्रीशीटर की सक्रियता ने कई सवाल खड़े कर दिए है। मच्छू के खिलाफ जानलेवा हमला,फायरिंग करने जैसी गंभीर अपराधों में दस से ज्यादा मुकदमे शहर के थानों में दर्ज है।
वहां पहले से काफी लोग मौजूद थे। सुरजीत भमलोत व नवजोत भमलोत विकास के कार्यों का विरोध कर रहे थे। महिलाओं को भी झूठ बोलकर लाए थे। बाद में महिलाओं को सत्य भी पता चल गया। उन्होंने बीजेपी जिन्दाबाद के नारे भी लगाए। भीड़ में कोई हिस्ट्रीशीटर हो तो मुझे जानकारी नहीं है।
बनवारी लाल सिंघल, शहर विधायक, अलवर
मछेन्द्र उर्फ मच्छू एनइबी थाने का ए श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर है। इसके खिलाफ शहर कोतवाली, शिवाजी पार्क, अरावली विहार व एमआइए आदि थानों में मारपीट, अपहरण, जानलेवा हमला, फायरिंग, जमीन-जायदाद हड़पने आदि के करीब दस प्रकरण दर्ज हैं।
प्रेमबहादुर सिंह, थानाधिकारी, एनइबी थाना
विधायक को इलाके में विरोध का अंदेशा था। इस लिए वे अपने साथ हिस्ट्रीशीटर को लेकर आए
सुरजीत सिंह भमलोत, पार्षद





No comments:
Post a Comment