मनीष शर्मा
दौसा ग्रामीण. जिले में 26 5 सरकारी स्कूल ऐसे हैं जहां पर निर्वाचन आयोग ने मतदान केन्द्र तो बना दिए, लेकिन वहां पर बिजली के कनेक्शन नहीं है। विधानसभा चुनाव-2018 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मतदान केन्द्रों पर शिक्षा विभाग की ओर से विद्युत कनेक्शन किए जाएंगे। इससे चुनाव प्रक्रिया में मतदाताओं को सुविधा के साथ ही विद्यार्थियों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।
जानकारी के अनुसार जिले की पांचों विधानसभाओं में 7 दिसम्बर को होने वाले चुनाव के लिए 1735 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। इनमें शिक्षा विभाग के अधीन आने वाले भवनों पर विद्युत निगम की ओर से कराए भौतिक सत्यापन में जिले में 317 में से केवल 52 में ही विद्युत कनेक्शन हैं। शेष पर कनेक्शन के लिए कोई पत्रावली भी नहीं लगाई गई। इसके अनुसार बांदीकुई ब्लॉक में 63, महुवा में 60, सिकराय में 48, दौसा में 34 एवं लालसोट में 60 भवनों में विद्युत कनेक्शन नहीं है।
ऐसे में इन बूथों पर विद्युत कनेक्शन लेने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। इनमें से अधिकांश प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय होने के कारण छोटे बच्चों को भी इसका लाभ मिल सकेगा। हालांकि कई आंगनबाड़ी केन्द्र एवं मर्ज हुए स्कूल भी इसमें शामिल है। इसके अलावा दिव्यांगजनों की सहुलियत के लिए रेम्प का निर्माण एवं दुरस्त भी कराए जाएंगे।
गांव-ढाणियों के बच्चे होंगे लाभान्वित
शिक्षा विभाग की ओर से जिले में 1300 से अधिक प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित है। संसाधनों की कमी के कारण इनमें से काफी संख्या में विद्युत कनेक्शन नहीं है। ऐसे में चुनाव को देखते हुए पोलिंग बूथ वाले विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन किए जा रहे हैं। इससे इनमें अध्यनरत विद्यार्थियों को भी सुविधा मिल सकेगी।
शीघ्र होंगे विद्युत कनेक्शन
मतदान केन्द्र वाले विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन के लिए सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए है। ऐसे में इन भवनों में शीघ्र ही विद्युत कनेक्शन स्थापित हो जाएंगे।
प्रेमवती शर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, दौसा





No comments:
Post a Comment