Breaking News
recent

अहम के वहम को त्यागें शिक्षक, अभिभावकों से सम्पर्क बढ़ाएं

- 10 अध्यापक और 16 उत्कृष्ट स्कूलों को मिला सम्मान
प्रतापगढ़. शिक्षक अपने अहम के वहम को त्याग दें तो शिक्षा के क्षेत्र में जिले के परिणाम और भी बेहतर आ सकते हैं। घमण्ड पतन का परिचायक है। इसी घमण्ड के चलते शिक्षक, छात्र और अभिभावकों के बीच सम्पर्क खाई बढ़ती जा रही है। अभिभावकों के सम्पर्क में रहकर बच्चों की परेशानी जानी जा सकती है। इससे स्कूल में पढ़ाई का स्तर सुधरेगा।
ये बात जिला कलक्टर भंवरलाल मेहरा ने यहां राजकीय गल्र्स सीनियर सैकण्डरी स्कूल में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में कही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला प्रमुख सारिका मीणा थी। इस अवसर पर जिले के 10 अध्यापक, 15 फाइव स्टार विद्यालय (जिनका सत्र 2017-2018 में बेहतर बोर्ड परीक्षा परिणाम रहा), तीन उजियारी पंचायत(जिनमें एक भी बच्चा ड्रॉप आउट नहीं रहा)और 16 पीईओ, 16 सरपंचों और तीन कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में जिला कलक्टर ने कहा कि शिक्षकों और अभिभावकों में सम्पर्क की कमी के चलते स्कूल का सही फीडबैक नहीं आ पाता। छात्र भी अपनी समस्याओं को शिक्षक के साथ साझा करने से घबराते है। जबकि निजी विद्यालयों में इसी खाई को पाटने के लिए मासिक पेरेन्ट टीचर्स मीटिंग होती है। राजकीय विद्यालयों में भी इसकी शुरुआत की जानी चाहिए। अभिभावकों से सम्पर्क बनाए रखना शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान है। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं की ओर से कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों दी गई। इससे पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. शांतिलाल शर्मा माध्यमिक, एवं जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक मावजी खांट ने जिले में चल रही विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन सुधीर वोरा ने किया। आभार प्राचार्य बिमला शर्मा ने जताया।

ब्लॉक स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह
छोटी सादड़ी नगर के गुलाबचंद मेवाड़ी राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में उपखंड अधिकारी प्रकाशचंद्र रेगर की अध्यक्षता में एवं नगरपालिका अध्यक्षा चंदनबाला कासमा के मुख्य आतिथ्य में ब्लॉक स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक क्षेत्र के एक प्रधानाचार्य एवं 4 शिक्षकों को ब्लॉक स्तर के शिक्षक सम्मान से नवाजा गया। सूबी विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीशचंद्र पाठक, मानपुरा खालसा विद्यालय के अध्यापक रणजीतसिंह मीणा, गुड़ली विद्यालय के अध्यापक राजमल खटीक प्रधानाध्यापक, स्थानीय विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक योगेंद्र कुमार औदिच्य, प्राध्यापक अंग्रेजी कारुलाल मीणा आदि को उपखंड अधिकारी द्वारा शिक्षक सम्मान के पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया ।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.