भीलवाड़ा।
कोई भी अपने दिल के टुकडे को खुद से दूर करने के बारे में सोचने से पहले भी कांप उठता है। लेकिन यहां इस प्रकार की दिल दहलाने वाली घटना हुई। दरअसल, महात्मा गांधी अस्पताल परिसर के मातृ एवं शिशु चिकित्सालय के पालने में सोमवार शाम एक दिन के नवजात शिशु को अज्ञात कोई छोड़कर चला गया। चिकित्साकर्मियों को पता लगा तो गहन शिशु चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया। उस नन्ही सी जान को श्वास लेने में दिक्कत आ रही है। उसकी हालत पर चिकित्साकर्मियों की टीम नजर रखे हुए है।
जानकारी के अनुसार शाम साढ़े छह बजे महात्मा गांधी अस्पताल परिसर के मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में लगे पालने में अज्ञात व्यक्ति नवजात शिशु को छोड़ गया। कुछ देर बाद वार्ड में घण्टी बजी तो चिकित्साकर्मी आए। पालने में से शिशु को वार्ड में ले गए जहां चिकित्सक ने उसकी जांच की। नवजात का जन्म एक दिन पहले ही हुआ था। माना जा रहा है कि उसका जन्म घर में ही हुआ। उसे सांस लेने में दिक्कत होने पर तत्काल उसका उपचार शुरू किया गया। मामले की सूचना मिलने पर जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सुमन त्रिवेदी अस्पताल पहुंची व चिकित्सकों से शिशु के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। त्रिवेदी ने बताया कि पालने में छोडे गए नवजात शिशु का नाम अंकुश रखा गया है। वह चिकित्सकीय निगरानी में है।





No comments:
Post a Comment