सवाई माधोपुर। करीब एक सप्ताह पूर्व यूपी के फर्रुखाबाद के शिवाड़ा गांव से नाराज होकर निकले बालक को शुक्रवार को सवाई माधोपुर बाल कल्याण समिति के आदेश से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों से मिली जानकारी अनुसार बालक पिछले रविवार को अपने घर से नाराज होकर बल्लूपुर रेलवे स्टेशन पर आ गया। यहां से अन्य बालकों के साथ ट्रेन में बैठ गया। ट्रेन के चलते ही साथ वाले बालक तो उतर गए, लेकिन भीड़ के चलते यह बालक उतर नहीं पाया और मथुरा स्टेशन पहुंच गया, जहां से घर जाने के लिए दूसरी ट्रेन में बैठ गया।
बालक पढ़ा लिखा नहीं होने के कारण गलत ट्रेन में बैठकर सवाईमाधोपुर आ गया। यहां आरपीएफ ने बालक को लावारिस घूमता देख चाइल्डलाइन को सूचना दी। चाइल्डलाइन टीम ने स्टेशन पहुंचकर बालक को अपने संरक्षण में लिया और बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राकेश सोनी के आदेश से बालक को मर्सी आश्रय गृह में अस्थायी प्रवेश दिलाया। चाइल्डलाइन द्वारा बालक से परामर्श कर बालक के परिजनों को सूचना दी गई। सूचना पर परिजन सवाईमाधोपुर पहुंचे। परिजनों एवं बालक को पुन: बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया, जहां से बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने चाइल्डचाइन को धन्यवाद दिया।





No comments:
Post a Comment