चिड़ावा.शहर के व्यस्ततम इलाके से नाबालिग स्कूली बच्ची को चालक ने अपहरण की नीयत से पहले ऑटो में बिठा लिया। शहर से दूर ले जाने लगे, इस दौरान बालिका को शक होने पर वह चिल्लाने लग गई। इस पर आरोपित उसे रास्ते में ही छोड़कर भाग गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने दिनभर शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। मगर कोई खास सुराग हाथ नहीं लगा।
पुलिस के अनुसार शहर के वार्ड छह के भगतों का मोहल्ला निवासी बालिका की मां ने रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि उनकी 12 वर्षीय बेटी शहर के निजी स्कूल में पढ़ती है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह पैदल ही स्कूल जा रही थी। गढ़वाले बालाजी मंदिर के पास पीछे से एक ऑटो आया। जिसमें चालक के अलावा दो लड़के व एक लड़की सवार थे।
ऑटो चालक ने बच्ची को स्कूल छोडऩे की बात कही। जिस पर बच्ची ने पैदल ही चले जाने की बात कही। ऐसे में ऑटो चालक ने स्कूल के दो-तीन शिक्षकों का नाम बताया तथा कहा कि देरी होने पर बच्चों को लाने के लिए स्कूल ने ऑटो लगा रखा है। ऐसे में नाबालिग बच्ची ऑटो में सवार हो गई। चालक ने थाने के आगे के रास्ते, विद्या निकेतन स्कूल, बागर होते हुए अडूकिया स्कूल के पास की गली से ऑटो को पिलानी रोड पर ले गया। ऑटो को चालक दूसरी दिशा में पिलानी रोड की तरफ ले जाने लगा। जिस पर छात्रा ने चालक को टोका तो ऑटो चालक बोला, अन्य सवारियों को उतारकर स्कूल छोडऩे जाएगा। ऐसे में बच्ची ने कोई विरोध नहीं किया।
यहां से चालक पिलानी रोड पर मंड्रेला मोड़ से निकलकर भगीनिया जोहड़ में डिप्टी ऑफिस की आगे से निकलने लगा। गलत दिशा व शहर से बाहर ले जाने पर बच्ची भयभीत हो गई। बच्ची ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। जिस पर ऑटो चालक ने बीच रास्ते में बच्ची को उतार दिया। बच्ची ने घरवालों को मामले से अवगत कराया।जिस पर परिजनों ने शनिवार शाम थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया। मामले की जांच एसआई भरतलाल मीणा कर रहे हैं।
फिर जवाब दे गए सीसीटीवी कैमरे
उधर, शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों में ऑटो नजर नहीं आ रहा। ऐसे में पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही अपहरण के प्रयास की वास्तविकता सामने आ पाएगी।
पुलिस टीम ने थाने के पास, अडूकिया स्कूल के पास, पिलानी रोड सहित अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जिसमें पुलिस को खास सुराग हाथ नहीं लगे।
ऑटो में सवार थे चार जने
ऑटो में चालक समेत चार जने सवार थे। जिसमें दो लड़के व एक लड़की बीच की सीट पर बैठे थे। लड़की ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। परिजनों की रिपोर्ट के अनुसार चालक ने संस्थान की ओर से ऑटो लगाए जाने की बात कही थी। मगर संस्था संचालक ने ऐसा कोई भी ऑटो शहर में लगाने जाने की बात से इनकार किया है। पुलिस के अलावा संस्था प्रबंधन भी ऑटो चालक को तलाश कर रहे हैं।





No comments:
Post a Comment