अजमेर.
कम बारिश और बीसलपुर के पानी की कटौती अब लोगों को परेशान करने लगी है। जलदाय विभाग की कटौती का फार्मूला लोगों में रोष बढ़ा रहा है। विभाग की मानें तो शहर में 48-48 और 72 घंटे की आपूर्ति की व्यवस्था की गई है लेकिन हकीकत कुछ और बयां कर रही है। शहर की पॉश कॉलोनियों में पांच दिन में नल टपक रहे हैं। पानी भी प्रेशर से नहीं दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में हालात और भी खराब हो सकते हैं।
जिले में इस बार औसत बारिश कम होने के चलते आगामी महीनों में पेयजल आपूर्ति को व्यवस्थित करने के लिए 20 प्रतिशत कटौती का ऐलान सरकार ने किया। इस कटौती को समायोजित करने के लिए जिला कलक्टर ने बैठकें ली। जलदाय विभाग के अधिकारियों को बैठक ली। विभाग ने मौजूदा बीसलपुर के जल स्तर के आधार पर जून जुलाई तक जलापूर्ति निर्बाध हो सके इसके लिए 48 व 72 घंटे की व्यवस्था की लेकिन इस केअनुसार भी आपूर्ति नहीं की जा रही है।
लोगों को पानी के टैंकर, बोरिंग के पानी व घर के स्टारेज के भरोसे रहना पड़ रहा है। शहर के वैशाली नगर से सटी श्याम कॉलोनी, अलखनंदा कॉलोनी, चाणक्यपुरी, चौधरी कॉलोनी के कुछ भाग में चार से पांच दिन से पानी नहीं आ रहा है।
‘एक घंटे से भी कम जलापूर्ति’
पानी पांच दिन बाद आ रहा है जबकि इसे तीन दिन के बाद सप्लाई की घोषणा की जाती है। पानी का स्टोरेज भी खत्म हो जाता है
-नीलम अग्रवालजलापूर्ति की अवधि कम करने से पानी की मांग पूरी नहीं हो पाती। साफ सफाई व टॉयलेट के लिए पानी के लिए बोरिंग का उपयोग करना पड़ता है लेकिन पीने के पानी की समस्या तो दो माह से रहती है।
-मधुलिका शर्मा
पानी का प्रेशर कम होने से प्रथम मंजिल तक नहीं पहुंच पाता। इस कारण मोटर लगा कर पानी उपर लिफ्ट करना पड़ता है।
-कुलदीप कुमार शर्मा पेयजल आपूर्ति का समय निर्धारित समय से नहीं होने के कारण कहीं आ जा नहीं सकते। पानी की आपूर्ति एक घंटे से भी कम समय के लिए होती है।
-मंजु अग्रवाल
रसोई में स्टोर पानी भी खराब हो जाता है। तीसरे दिन पानी की घोषणा करने के बावजूद चार से पांच दिन बाद पानी आता है।
-मधुसूदन अग्रवाल
सरकार ने कटौती का ऐलान किया है इसके अनुसार विभाग ने व्यवस्था का ऐलान किया लेकिन 48 घंटे की आपूर्ति को 60 घंटे से बाद दिया जा रहा है।
-नीलम सोनी
क्षेत्र में पुरानी लाइनें डली हुई हैं जो 6 से 7 फुट गहरी हैं। इससे प्रेशर की समस्या रहती है। पानी पहले ही कम आ रहा है। पानी की समस्या के लिए शहर की आपूर्ति के लिए डबल लाइन जरूरी है तभी पानी का संकट दूर हो सकता है।
-हेमंत सोनी





No comments:
Post a Comment