प्रमोद भटनागर/गिरिराज सोनी
नाथद्वारा. आगामी विधानसभा चुनावों के सिर पर होने के साथ ही पार्टियों में उठापटक होना आम बात हो गई है। ऐसे में जिले में आने वाले चुनाव में अपनी जमीन को तलाशने के लिए संघर्ष कर रही कांग्रेस में अभी से टिकटों की प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई है। वहीं, दूसरी और इसको लेकर पदाधिकारी व कार्यकर्ता आपस में भी आमने-सामने होने लगे हैं।
राजसमंद नगर परिषद के कांगे्रसी पार्षदों के बीच भी रविवार शाम को इसी तरह हुई आपसी वर्चस्व की होड़ा-होड़ी के बीच बोलचाल हो गई। इसके बाद उपजा विवाद सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सीपी जोशी तक पहुंचा, जिसके बाद उनके सामने नाथद्वारा में ही विवाद का पटाक्षेप हुआ। पार्टी सूत्रों के अनुसार राजसमंद नगर परिषद में कांग्रेसी पार्षद रवि गर्ग व चुन्नीलाल पंचौली आदि गुटों के बीच रविवार रात्रि को आपस में बोलचाल हो गई, जिसके बाद उपजे विवाद के चलते दोनों गुटों में से विरोधी पार्षद अपने इस्तीफे देने की धमकी के साथ सोमवार अपरान्ह के समय नाथद्वारा पहुंचे। यहां एक होटल में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. जोशी से मिले एवं पूरे घटनाक्रम को बताया गया। सूत्रों के अनुसार एक बार तो डॉ. जोशी ने दोनों को कड़वी घुट्टी पिलाते हुए काफी हिदायतें दी। बाद में कहा कि पार्टी में आगे बढऩे की सोच के साथ सभी को कार्य करना चाहिए। इसके बाद सभी पार्षदों के आपसी मनमुटाव को दूर करने को कहते हुए आपस में समझौता कराया। इसके बाद दोनों गुटों ने एक-साथ रहते हुए पार्टी संगठन को मजबूत करने की बात कही। हालांकि, डॉ. जोशी ने इस मामले में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।
रक्तदान शिविर कल
नाथद्वारा. स्वतंत्रता सैनानी दिवंगत मास्टर किशनलाल शर्मा की पुण्य स्मृति में तेरापंथ युवक परिषद एवं मधुकर रक्त पेढ़ी राजसमंद के संयुक्त तत्वावधान बुधवार को शहर के गोवर्धन राजकीय सामान्य चिकित्सालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर संयोजक विमल तलेसरा व विनोद बोहरा नेे बताया कि शिविर प्रात: ९ से दोपहर २ बजे तक चलेगा।
राणा पूंजा की जयंती पर आदिवासी रैली ५ को
नाथद्वारा. जय मेवाड़ आदिवासी संगठन के तत्वावधान में ५ अक्टूबर को राणा पूंजा की जयंती पर शहर में आदिवासी समाज की रैली निकाली जाएगी। समाज के मोहनलाल मीणा ने बताया कि शुक्रवार को शहर के सिंहाड़ से फौज मोहल्ला एवं वहां से विभिन्न मार्गों से होकर शहर में होकर पुलिस थाने के सामने सिंहाड़ तालाब के पास रैली का समापन होगा।





No comments:
Post a Comment