आबूरोड. परमार शासकों की ग्यारहवीं व बारहवीं सदी में राजधानी रही पुरातन चंद्रावती नगरी में पुरातत्व विभाग व उदयपुर की जनार्दनराय नागर राजस्थान विद्यापीठ की ओर से तीन चरणों में उत्खनन कर जिन स्ट्रक्चरों को खोला गया उन्हें सुरक्षा की सख्त दरकार है। लाखों रुपए खर्च कर खोले स्ट्रक्चरों में अब झाडिय़ों की भरमार है। तीसरे चरण के उत्खनन स्थल को ग्रामीणों ने शौचालय के काम में लेना शुरू कर दिया है। ऐसे में वर्तमान में सभी स्ट्रक्चरों के आसपास ही ग्रामीण खुले में शौच के लिए जाते हैं। बाहर से यहां चंद्रावती नगरी को निहारने आने वाले सैलानियों को गंदगी से होकर गुजरना पड़ रहा है। यही हाल रहा तो स्ट्रक्चर फिर से दब सकते हैं। दूसरे चरण के उत्खनन में निकले मिट्टी के बर्तन पहले से ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गए थे, विभाग ने एक स्थान पर तो टीन शेड लगाया है लेकिन कारगर साबित नहीं हुआ।
हालांकि पहले व दूसरे चरण में खोले गए कुछ स्ट्रक्चरों की तारबंदी करवाई है लेकिन संरक्षण के अभाव में पुरासम्पदा को बरसाती पानी से नुकसान होने का खतरा बना हुआ है। तारबंदी व टीन शेड से ढकने पर ही इन्हें सुरक्षित रखा जा सकता है। राजाओं के निवास स्थान तथा महल में बनाई नालियों के प्रमाण खुले में बदहाल हो रहे हंै। यहां से गुजरने वाले पशुओं के कारण फिर से मिट्टी भर सकती है।
कोई नहीं रोकने वाला
चंद्रावती में कई बड़े टीले हंै, जिनमें बेशकीमती प्रतिमा तथा शिलालेख यूं ही दबे हुए हैं। ऐसे में यहां पर विशेष निगरानी नहीं रहने के कारण हर कोई आसानी से आवाजाही कर सकता है। कई शिलालेख तो यहां झाडिय़ों में खुले पड़े हैं। इन पर इतिहास से सम्बंधित काफी जानकारी अंकित है। फिर भी यहां पर पुरातत्व विभाग ध्यान नहीं दे रहा है।
आज नौ लोग करेंगे देहदान की घोषणा
आबूरोड. वैश्य महासम्मेलन, आबूरोड इकाई के तत्वावधान में सोमवार दोपहर 12 बजे आजाद मैदान स्थित श्वेताम्बर जैन धर्मशाला में नौ व्यक्ति स्वेच्छा से मरणोपरांत देहदान की घोषणा करेंगे। इकाई अध्यक्ष प्रदीपकुमार मित्तल व महामंत्री दीपेश सिंघल ने बताया कि कार्यक्रम में वैश्य समाज के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिल नाहर व तारा भंडारी, वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष मनीष सर्राफ, कलक्टर अनुपमा जोरवाल, उपखण्ड अधिकारी निशांत जैन, जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया, नगर सुधार न्यास के अध्यक्ष सुरेश कोठारी, नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश सिंदल, तहसीलदार अनूपसिंह मौजूद रहेंगे।
गांधी व शास्त्री जयंती कल
सिरोही. ब्लॉक कांग्रेस की ओर से मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती अनादरा चौराहा स्थित कांग्रेस कार्यालय में मनाई जाएगी। ब्लॉक अध्यक्ष किशोर पुरोहित ने बताया कि कार्यक्रम में पूर्व विधायक संयम लोढा, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे।
अधिवेशन 5 को
सिरोही. स्काउट व गाइड स्थानीय संघ का वार्षिक अधिवेशन 5 अक्टूबर को सिंदरथ में होगा। इसमें राजकीय व निजी स्कूल के संस्था प्रधान व स्काउट गाइड भाग लेंगे। यह जानकारी सीओ एमआर वर्मा ने दी।





No comments:
Post a Comment