Breaking News
recent

बिगड़ रहा बाघ-बाघिन अनुपात!

सवाईमाधोपुर. बिड़ाल परिवार के सरताज बाघों को बचाने के लिए देश-दुनिया में बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा। इसके बावजूद परिणाम मनमाफिक नहीं आ रहे हैं। भारत में कुल 50 बाघ अभयारण्यों में से महज नौ में नर-मादा का अनुपात सही है, जबकि शेष बचे अभयारण्यों में स्थिति खराब है। यह खुलासा देहरादून स्थित वाइल्ड लाइफ इंस्टिट्यूट ऑफ इण्डिया (डब्ल्यूआईआई) से जारी एक रिपोर्ट से हुआ है। हालांकि रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान में स्थिति बेहतर है।
बीस-बीस बाघ बाघिनों को माना आधार
रिपोर्ट में टाइगर रिजर्व में बीस-बीस बाघ-बाघिनों को आधार मानकर शोध किया गया है। कुल 50 में से 41 टाइगर रिजर्व में अनुपात बिगड़ा हुआ है। महज 9 अभयारण्यों में अनुपात ठीक है। इसमें रणथम्भौर, कान्हा, पेंच, बांधवगढ़, सुंदरवन, जिम कॉर्बेट पार्क, काजीरंगा, तोडाबा, बांदीपुर टाइगर रिजर्व प्रमुख हैं।
ये आएगी समस्या
अभयारण्यों में बाघ-बाघिन अनुपात ठीक नहीं होने से अनुवांशिक समस्या उत्पन्न होंगी। प्रजनन एवं विकास पर नकारात्मक असर पड़ेगा। यह स्थिति बाघ-बाघिन कुनबे को खात्मे की ओर ले जाएगी। इसके अलावा मादा बाघिन पर दबाव अधिक होगा। नर बाघों में संघर्ष बढ़ेगा।
सौ साल तक रहेगा बाघों का अस्तित्व
रिपोर्ट के अनुसार रणथम्भौर, कान्हा, पेंच, बांधवगढ़, सुंदरवन, जिम कॉर्बेट पार्क, काजीरंगा, तोडाबा, बांदीपुर टाइगर रिजर्व आदि में बाघों की संख्या, बाघ-बाघिन अनुपात, भौगोलिक परिस्थितियों आदि के मद्देनजर सौ साल तक बाघों का अस्तित्व बना रह सकता है, लेकिन इनके अतिरिक्त अन्य अभयारण्यों में बिगड़े अनुपात के कारण बाघों पर खतरा मंडरा रहा है।
ये कदम उठाना जरूरी
रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान के उप वन संरक्षक अजीत सक्सेना ने बताया कि टाइगर रिजर्व में बाघ बाघिनों का अनुपात सुधारने के लिए देश भर के अन्य 41 टाइगर रिजर्व में विशेष कॉरिडोर विकसित करने की आवश्यकता है। उन्हें देश के नौ टाइगर रिजर्व से जोड़ा जाए। वहीं संरक्षण की अन्य परियोजनाओं पर काम किया जाए। इसके अतिरिक्त बाघ व वन संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता लाने से भी बाघों को संरक्षित किया जा सकता है।
&देश के 41 टाइगर रिजर्व में बाघ-बाघिन अनुपात कम है। बाघों की संख्या घट रही है। समय रहते संरक्षण के प्रयास करने होंगे।
यादवेन्द्र देव झाला, एचओडी, एनिमल इकोलॉजी एण्ड कंजरवेशन बॉयोलॉजी, डब्ल्यूआईआई, देहरादून।
आंकड़ो का गणित
50 टाइगर रिजर्व है देव में
41 टाइगर रिजर्व में बिगड़ा अनुपात
9 टाइगर रिजर्व में सही है अनुपात
3 लाख वर्ग किमी कुल टाइगर हैबिटाट
89 हजार वर्ग किमी कोर एरिया



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.