पोकरण. चुनाव की घोषणा के बाद से ही स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं के कपड़े के पहनावे में चूड़ीदार पायजमा व कुर्ते सिलवाने का क्रेज इन दिनों देखने को मिल रहा है। चुनावी दिनों में सफेद रंग के चूड़ीदार पायजमा व कुर्ते पहनकर आम से खास बनकर दिखने का शौक छोटे, बड़े नेताओं व कार्यकर्ताओं में देखने को मिल रहा है। सिलाई करने वाली दुकानों में चूड़ीदार पायजमा व कुर्ते की सिलाई करवाने के ग्राहकों की संख्या मे दिनों दिन बढ़ोतरी हो रही है। स्थानीय गांधी चौक मे सिलाई का कार्य करने वाले मोहनलाल पंवार बताते है कि पिछले एक पखवाड़े से चूड़ीदार पायजमा व कुर्ते बनवाने वाले ग्राहकों की संख्या में इजाफा हुआ है तथा इन दिनों उनकी दुकान पर प्रतिदिन एक-दो ग्राहक इस प्रकार के कपड़े सिलवाने के लिए आ रहे हैं। व्यवसायी श्यामसुंदर कहते है कि चुनाव के दिन नजदीक आने के कारण सफेद व रंगीन कुर्ता पायजमा सिलवाने के लिए प्रतिदिन ग्राहकों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। सिलाई के कारोबार से जुड़े भरत कुमार कहते है कि युवा वर्ग कुर्ते, पायजामे सिलवाकर पहनने, दाढ़ी बढ़ाने व सिर पर साफा बांधने का विशेष तौर पर ध्यान दे रहे हैं, ताकि वे अपने पहनावे से भीड़ में अलग ही नजर आए। इसी तरह वर्षों से चोला पायजमा की सिलाई करने वाले मूलचंद छीपा का कहना है कि नियमित कुर्ते पायजमा सिलवाने वाले ग्राहकों के अलावा नए ग्राहक भी आ रहे हैं।
साफों की बिक्री भी बढ़ी
स्थानीय व्यास सर्किल पर साफा बेचने वाले जोधपुर साफा हाउस के डूंगरसिंह का कहना है कि साफों की बिक्री अन्य दिनों की अपेक्षा चुनाव के दिनों में अधिक बढ़ जाती है। कई पार्टियों के नेता ग्रामीण क्षेत्रों में जाने के दौरान साफा पहनते हैं, तो गांवों में आने पर लोग भी नेताओं का स्वागत साफा पहनाकर करते है। जिससे इन दिनों साफों की बिक्री भी बढ़ गई है।





No comments:
Post a Comment