Breaking News
recent

तीन और डेंगू रोगियों की मौत

जिले में डेंगू से अभी तक चार व दो संभावितों की मौत

जिला चिकित्सालय व पीबीएम अस्पताल बीकानेर की रिपोर्ट में 22 डेंगू रोगियों की पहचान, इसमें 20 घड़साना निवासी
श्रीगंगानगर, घड़साना. घड़साना क्षेत्र में डेंगू नियंत्रण से बाहर हो चुका है। मंगलवार को वहां एक डेंगू व दो संभावित डेंगू पीडि़त रोगियों की मौत हो गई। इन मौतों से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में हडक़ंप मचा है। वहीं, राजकीय जिला चिकित्सालय व पीबीएम अस्पताल बीकानेर की रिपोर्ट में 22 जनों में डेंगू एलाइजा टेस्ट में पुष्टि हुई है। इनमें 20 रोगी घड़साना के हैं। मंगलवार को घड़साना में छह रोगी डेंगू पॉजिटिव मिले।

जानकारी के अनुसार घड़साना के वार्ड सात (धानक बस्ती) निवासी अनवरी बाई (45) पुत्री बरकत अली की पीबीएम अस्पताल बीकानेर में सोमवार देर रात मौत हो गई। वहीं, 22 एएस (घड़साना) निवासी कृष्णादेवी पत्नी रामप्रसाद चार दिन से घड़साना चिकित्सालय में भर्ती रही। उसे सोमवार रात जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। यहां तपोवन चिकित्सालय से लाकर प्लेट्लेट्स चढ़ाई गई। लेकिन, मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। इसके अलावा, वार्ड 11, नई मंडी घड़साना निवासी सतनाम सिंह (54) पुत्र मुख्त्यार सिंह रामगढिय़ा पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती था। वहां चिकित्सकों ने जवाब दे दिया।

इस पर उसे श्रीगंगानगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सतनाम को यहां से जयपुर ले जाया जा रहा था कि मौत हो गई। सतनाम डेंगू संभावित रोगी था। मौसम में बदलाव के बाद बुखार, मलेरिया व डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ा है। उल्लेखनीय है कि जिले में अभी तक 145 डेंगू रोगियों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 113 डेंगू रोगी अकेले घड़साना ब्लॉक के हैं। गौरतलब है कि घड़साना क्षेत्र के चक पांच डीडी निवासी विजय (35) पुत्र श्रवण कुमार की रविवार शाम जयपुर के एक निजी अस्पताल में दिमागी बुखार से मौत हो गई थी।

कस्बे के बाहर भी डेंगू

घड़साना. सतराना, हिशामकी, 6 डीडी, 5 डीडी, 22 एएस, पुरानी मंडी में मिलने के बाद कस्बे के बाहर भी डेंगू पांव पसार रहा है। तहसीलदार राजेन्द्र सिंह व नायब तहसीलदार विनोद गोदारा ने चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए जा रहे उपायों का निरीक्षण किया। पच्चीस वार्डों के लिए दस गिरदावर व पटवारी नियुक्त किए गए हैं। प्रशासन भी डेंगू संबंधी रिपोर्ट प्रतिदिन राज्य सरकार को भिजवा रहा है।

विभागीय अधिकारियों ने डाला डेरा
मंगलवार को सीएमएचओ डॉ. नरेश बंसल, डिप्टी सीएमएचओ कर्ण आर्य, आरसीएचओ डॉ. अजय सिंगला, डॉ. बजरंग सहित पूरी टीम ने घड़साना में डेरा डाल रखा है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग डेंगू पर नियंत्रण के लिए प्रयास कर रहा है। विभाग एक-एक वार्ड में एंटीलार्वा गतिविधियां, फोगिंग, काला तेल आदि का छिडक़ाव करवा रहा है। आरसीएचओ डॉ. सिंगला ने बताया कि सार्वजनिक जगह पर कई जगह लार्वा मिला है।

डेंगू से अभी तक चार रोगियों की मौत
10 अक्टूबर : घड़साना का सतू साहनी (36) पुत्र रामसेवक साहनी
12 अक्टूबर : घड़साना निवासी सुरेंद्र कुमार स्वामी (55) पुत्र चेतराम स्वामी
13 अक्टूबर : घड़साना निवासी जगसीर सिंह (32) पुत्र पलविंद्र सिंह
22 अक्टूबर : घड़साना निवासी अनवरी बाई (45) पुत्री बरकत अली
23 अक्टूबर : 22 एसएस निवासी कृष्णा देवी (30) पत्नी रामप्रसाद नायक (संभावित डेंगू )
23 अक्टूबर : वार्ड 11, नई मंडी घड़साना निवासी सतनाम सिंह पुत्र मुख्त्यार सिंह रामगढिय़ा (संभावित डेंगू )
21 अक्टूबर : पांच डीडी घड़साना निवासी विजय (35) पुत्र श्रवण कुमार, दिमागी बुखार से मौत- एनएस वन पॉजिटिव।

दो किट मिली लेकिन एक दिन में खत्म
श्रीगंगानगर. राजकीय जिला चिकित्सालय में चार दिन बाद मंगलवार सुबह डेंगू की जांच करने के लिए एलाइजा टेस्ट की दो किट मिली, जो एक ही दिन में खत्म हो गई। एक किट से 48 रोगियों की जांच की जा सकती है। जबकि, 140 नमूनों की जांच करनी थी। मंगलवार को 94 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 16 डेंगू रोगियों की पुष्टि हुई है। किट खत्म होने से 50 नमूनों की जांच अटक गई। पीएमओ डॉ. पवन सैनी ने बताया कि अब चार किट पुणे से मंगवाई गई है। गुरुवार सुबह तक आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। यहां किट खत्म होने से जांच बीकानेर में ही संभव हो पा रही है।

बीकानेर किया रेफर
चिकित्सालय में 22 अक्टूबर को अनूपगढ़ की कृष्णा देवी पत्नी पन्नालाल भर्ती हुई थी। उसकी डेंगू जांच के लिए नमूना लिया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बीकानेर रेफर कर दिया गया।

फैक्ट फाइल

जिले में अभी तक डेंगू रोगी मिले 145 डेंगू पीडि़त की मौत 04
घड़साना ब्लॉक में मिले डेंगू रोगी 113 संभावित डेंगू रोगी 02

घड़साना की अनवरी बाई की पीबीएम अस्पताल बीकानेर में डेंगू से मौत हुई है। चिकित्सा विभाग ने डेंगू पर नियंत्रण के लिए पूरी टीम लगा रखी है। डॉ. नरेश बंसल, सीएमएचओ श्रीगंगानगर।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.