Breaking News
recent

CM राजे के गढ़ में 'शक्ति प्रदर्शन' करेंगें राहुल, MP में 'सुरक्षा में चूक' के बाद राजस्थान में होना है रोड शो

जयपुर।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को वसुंधरा राजे के गृह ज़िले धौलपुर में रोड शो के ज़रिये पार्टी के लिए शक्ति प्रदर्शन करेंगें। राहुल दो दिवसीय राजस्थान दौरे के तहत धौलपुर से लेकर महुअा तक रोड शो करेंगे। आचार सहिंता लगने के बाद राहुल का ये पहला प्रदेश दौरा रहेगा। वे 9 और 10 अक्टूबर को राजस्थान के चुनावी दौरे पर रहेंगें। रोड-शो धौलपुर से शुरू होगा जो महुआ के पास खत्म होगा। वहीं एक होटल में उनका रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। अगले ही दिन यानी 10 अक्टूबर को राहुल बीकानेर में विशाल रैली को संबोधित करेंगे।


एमपी के रोड शो में चूक, गृह मंत्रालय ने तलब की रिपोर्ट
राजस्थान में रोड शो से पहले मध्य प्रदेश के जबलपुर में शनिवार को हुए रोड-शो में सुरक्षा की चूक का मामला सामने आया है। हालांकि, घटना में कोई घायल तो नहीं हुआ, लेकिन जिस तरह से हीलियम गैस भरे बैलून के गुच्छे फूटे, उसे लेकर एसपीजी की रिपोर्ट पर गृह मंत्रालय ने जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है।


यह थी घटना
राहुल गांधी का रोड-शो ब्लूम चौक से मॉडल रोड पर आगे बढ़ा तो जैन पेट्रोल पम्प के सामने लगे मंच के कार्यकर्ता पार्टी के झंडे के रंगों वाला बैलून लेकर पहुंचे। इसी बीच एक कार्यकर्ता राहुल गांधी की आरती उतारने के लिए आगे बढ़ा। धक्का-मुक्की में आरती की लौ गुब्बारे को छू गई। इससे तेज आवाज के साथ गुब्बारे फूट गए और लपटें निकलीं।


अचानक हुई इस घटना से वाहन पर मौजूद राहुल गांधी और सुरक्षा में तैनात एसपीजी वाले भी सन्न रह गए। बाद में पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को वहां से हटाया। राहुल गांधी की सुरक्षा में हुई इस चूक को लेकर गृह मंत्रालय ने जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है। एएसपी संजीव उईके ने बताया, मंच लगाने वाले, बैलून वाले और आरती करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता थे। सभी के बयान लिए गए हैं। पुलिस ने अपने तरफ से पूरी सतर्कता बरती थी। जांच के बाद रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से भेज दी गई है।


16 सीटों पर रोड शो का रहेगा फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 6 अक्टूबर को अजमेर की सभा के बाद राहुल गांधी का राजस्थान दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राहुल गांधी पूर्वी राजस्थान में रोड-शो के जरिए एक तीर से दो निशाने करेंगे। पहला सीएम वसुंधरा राजे के गृह जिले में सेंध लगाने के साथ ही दूसरा बसपा के वोट बैंक में पार्टी को मजबूती देंगे। जानकारों की मानें तो राहुल का रोड-शो तीन जिलों की 16 सीटों पर प्रभाव डाल सकता है। इसमें से करीब 10 सीटों पर बसपा का वोट बैंक ठीक-ठाक है।


राहुल का पूर्वी राजस्थान में करीब 150 किमी लंबा रोड-शो करना बड़ा कदम माना जा रहा है। राहुल का यह तीसरा चुनावी दौरा होगा। जयपुर में रोड-शो के बाद हाल ही डूंगरपुर के सागवाड़ा में रैली कर चुके हैं। कांग्रेस वैसे पूर्वी राजस्थान को इस बार अपने लिए मजबूत मानकर चल रही है। रोड-शो इसलिए अहम है कि मायावती ने कांग्रेस के साथ गठबंधन करने से पहले इनकार कर दिया है। राहुल का इसी क्षेत्र में रोड-शो करना चर्चा का विषय है। पिछले माह भरतपुर संभाग की करौली में संकल्प रैली भी की गई थी। राहुल धौलपुर जिले के राजाखेड़ा के मनिया गांव से रोड-शो शुरू करेंगे।

 

... इधर, बीकानेर में भी दौरे को लेकर तैयारियां तेज़
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के दस अक्टूबर को प्रस्तावित बीकानेर दौरे की तैयारियां कांग्रेस ने तेज कर दी है। कांग्रेस पदाधिकारी राहुल गांधी की सभा के प्रस्तावित स्थल मेडिकल कॉलेज ग्राउंड का जायजा लेने में लगे हुए हैं।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.