Breaking News
recent

Denmark Open : श्रीकांत डेनमार्क ओपन के दूसरे दौर में

नई दिल्ली। भारत के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने डेनमार्क के हेंस क्रिस्टियन सोल्बर्ग विटिंगस को हराकर डेनमार्क ओपन के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। सातवीं सीड श्रीकांत ने पुरुष एकल के पहले दौर में विटिंगस को 35 मिनट में 21-16, 21-10 से मात दी।

मंगलवार देर रात खेले गए इस मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद श्रीकांत ने विटिंग्स के खिलाफ अब अपना करियर रिकॉर्ड 2-2 कर लिया है। दूसरे दौर में श्रीकांत का सामना चीन के लिन डेन से होगा जिनके खिलाफ उनका करियर रिकार्ड 1-3 का है। इस से पहले डेनमार्क ओपन का पहला दिन भारत के लिए मिलीजुली सफलता लेकर आया। रियो ओलम्पिक की रजत पदक विजेता पी.वी. सिंधु पहले दौर में ही हार कर बाहर हो गईं, जबकि सायना नेहवाल को जीत मिली। पुरुष युगल में समीर वर्मा विजयी आगाज करने में सफल रहे, लेकिन मिश्रित युगल में अश्विनी पोनप्पा और सात्विकसाइराज रैंकीरेड्डी की जोड़ी को हार मिली।

सायना ने महिला एकल के पहले दौर के मैच में हांगकांग की चेयुंग नगान यी को कड़े संघर्ष के बाद 20-22, 21-17, 24-22 से मात दी। भारतीय खिलाड़ी ने एक घंटे 21 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में फतह हासिल कर दूसरे दौर में प्रवेश किया। वल्र्ड नंबर-11 सायना ने इस जीत के बाद चेयुंग नगान यी के खिलाफ अब अपना करियर रिकॉर्ड 2-1 का कर लिया है। प्री-क्वार्टर फाइनल में सायना का सामना दूसरी सीड जापान की अकाने यामागुची से होगा जिनके खिलाफ भारतीय खिलाड़ी का करियर रिकॉर्ड 1-6 का है। यामागुची ने पहले दौर के मुकाबले में स्पेन की बीट्रिज कोरेल्स को 21-18 15-21 16-21 से हराया।सायना ने पहला गेम 20-22 से हारने के बाद दूसरे गेम में शानदार वापसी की और 21-17 से गेम जीत लिया। तीसरा गेम दोनों खिलाड़ियों के बीच काफी रोमांचक रहा।

तीसरे गेम में सायना ने 4-2 की बढ़त के साथ शुरुआत की, लेकिन यी ने एक समय 17-17 की बराबरी हासिल कर ली थी। भारतीय खिलाड़ी फिर 21-22 से पीछे हो गई। लेकिन इसके बाद उन्होंने पहले तो 22-22 से बराबरी की और फिर 24-22 से गेम तथा मैच अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट में तीसरी सीड सिंधु को महिला एकल के पहले दौर में अमेरिका की बीवन झांग ने 56 मिनट में 21-17 16-21 21-18 से पराजित किया। इस जीत के बाद अमेरिकी खिलाड़ी ने सिंधु के खिलाफ अब अपना करियर रिकॉर्ड 3-2 का कर लिया है। भारतीय खिलाड़ी ने पहला गेम 17-21 से हारने के बाद दूसरे गेम में अच्छी वापसी की। सिंधु ने दूसरा गेम 21-16 से अपने नाम किया। हालांकि तीसरे गेम में सिंधु अपनी लय कायम नहीं रख पाईं और 18-21 से गेम तथा मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

समीर ने पुरुष एकल वर्ग के पहले दौर में शी यूकी को कड़े मुकाबले में 21-17,21-18 से मात दी। यह मैच 44 मिनट तक चला। दूसरे दौर में समीर का सामना इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी से होगा जिन्होंने हांगकांग के वोंग विंग कीविसेंट को 17-21, 21-18, 21-13 से मात देकर पहले दौर की बाधा पार की। अश्विनी और सात्विक की जोड़ी को मिश्रित युगल वर्ग के पहले दौर के मैच में दक्षिण कोरिया के जाए सेयुंग और युजुंग चाए की जोड़ी ने 21-17,21-18 से मात दी। दक्षिण कोरियाई जोड़ी को मैच जीतने में 35 मिनट का समय लगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.