अजमेर.
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सालभर तैयारी करने वाले लाखों अभ्यर्थियों की दिक्कतें बढ़ गई है। दरअसल तीन प्रमुख भर्ती परीक्षाएं एक साथ होने से अभ्यर्थी हैरान और परेशान हैं। कोई भी एक साथ तीन परीक्षाएं नहीं दे पा रहा है।
राजस्थान लोक सेवा आयोग की वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2018 हाल में शुरू हुई है। समूह-ए के तहत सोमवार को सामाजिक विज्ञान और गणित का पेपर होना है। 30 अक्टूबर को अंग्रेजी, पंजाबी और सिंधी विषय की परीक्षा होगी।
इसी तरह समूह-बी के तहत 31 अक्टूबर को सामान्य ज्ञान विषय, 1 नवम्बर को हिंदी, विज्ञान तथा 2 नवम्बर को संस्कृत और उर्दू विषय की परीक्षा होगी। उधर कर्मचारी चयन आयोग भी (एसएससी) सलेक्शन ग्रेड भर्ती परीक्षा का आयोजन कर रहा है। आयोग की यह परीक्षा 3 नवम्बर तक चलेगी। इस परीक्षा में हजारों अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।
बैंक पीओ परीक्षा जारी
आईबीपीएस की बैंक प्रोबेशनरी अधिकारी की परीक्षा शुरू हो चुकी है। यह परीक्षा 17 नवम्बर तक चलेगी। बैंक पीओ परीक्षा में भी देशभर में लाखों अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। यह परीक्षा मुख्यत: प्रत्येक शनिवार और रविवार को कराई जाती है।
जेल प्रहरी परीक्षा
इसी तरह प्रदेश में जेल प्रहरी परीक्षा बीते दिनों शुरू हुई थी। यह परीक्षा भी 30 अक्टूबर तक कराई जाएगी। जेल प्रहरी परीक्षा में प्रदेश के लिए हजारों अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।
भर्ती संस्थानों में नहीं तालमेल
अभ्यर्थियों ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन आयोग, आईबीपीएस और अन्य भर्ती संस्थाओं में तालमेल नहीं है। संस्थाओं ने एक साथ अक्टूबर अंत से नवम्बर तक परीक्षाएं रखी हैं। कई अभ्यर्थियों ने इन सभी परीक्षाओं में आवेदन किए हैं। सालभर से तैयारियों में जुटे हैं। एक साथ परीक्षाएं होने से उनकी समस्याएं बढ़ गई हैं। वे किसी एक या दो परीक्षा में ही बैठ सकते हैं। भर्ती संस्थाओं को अभ्यर्थियों के हित में परीक्षा तिथियां बदलनी चाहिए।





No comments:
Post a Comment